खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर एक्शन : पटना-हाजीपुर-दरभंगा में छापेमारी, दूध-पनीर नष्ट, फूड सप्लीमेंट के छह नमूने जांच के लिए भेजे
पटना: स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ राज्य में जांच और कार्रवाई तेज कर दी गई है.इसी क्रम में पटना, हाजीपुर और दरभंगा में खाद्य सुरक्षा टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया.
वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित स्टेशन रोड में जांच के दौरान दो प्रतिष्ठानों से कुल72किलो पनीर बरामद किया गया.प्रारंभिक जांच में पनीर में स्टार्च की मौजूदगी पाई गई.इसके बाद संबंधित पनीर को नियमानुसार नष्ट कराया गया.नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं.रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
दरभंगा के बेनीपुर स्थित आशापुर चौक के सुधा मिल्क पार्लर की जांच में21लीटर एक्सपायर्ड दूध और18किलो खराब पनीर पाया गया.खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप दोनों खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया.यहां से भी आवश्यक नमूने संग्रहित किए गए हैं.
पटना के फतुहा क्षेत्र में सबलपुर स्थित राजीव डेयरी की जांच के दौरान दूध के नमूने में फॉर्मेलिन की मौजूदगी पाई गई.इसके बाद करीब126लीटर दूध नष्ट कराया गया.मामले में आवश्यक नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है.
वहीं, फतुहा के बाजितपुर स्थितAlexa Foods and Supplements में खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि निरीक्षक, आयुष निदेशालय और पुलिस की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया.परिसर सेFood Supplements और संबंधित सामग्री के छह नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए.
इसके अलावा पटना स्थित संतुष्टि स्वीट्स और उसकी विनिर्माण इकाई का भी औचक निरीक्षण किया गया.विभाग के अनुसार, अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट होगा और उसी के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





