17 सितंबर से ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान की शुरुआत : प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर एक महीने तक जनता का किया जाएगा आभार व्यक्त
मुंगेर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से देशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान की शुरुआत होगी। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के जरिए प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प के प्रति जनता का आभार और आशीर्वाद व्यक्त किया जाएगा।
मुंगेर बीजेपी विधायक कुमार प्रणय ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम सात बजे पूरे बिहार में एक साथ दीप प्रज्वलित कर की जाएगी। इसके बाद घर-घर दीप पहुंचाकर लोगों को अपने घरों में दीप जलाने और प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जन-वितरण दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दीपों का वितरण किया जाएगा।
इस अभियान के तहत प्रत्येक जिले के प्रमुख 10 स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन की भी योजना है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना की कॉलोनियां, अमृत सरोवर, नवनिर्मित सेतु, बांध, जन औषधि केंद्र, आयुष्मान अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, मंदिर और प्रमुख घाट शामिल हैं। देशभर में 25 करोड़ लोगों और बिहार में करीब 2 करोड़ 50 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। सोशल मीडिया पर #AashirwadKaDiya के जरिए अभियान का प्रचार किया जाएगा।





