गिरिडीह के बनियाडीह में श्रद्धांजलि सभा : मंत्री हफीजुल हसन ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू के जनसेवा कार्यों को सराहा
गिरिडीह: जिले के बनियाडीह में दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. जेएमएम परिवार गिरिडीह प्रखंड एवं झाकोमयू गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभाकार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता,समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए. झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन मुख्य रूप से मौजूद रहे. उन्होंने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने दिवंगत मंत्री के राजनीतिक जीवन, व्यक्तित्व और जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास और आम लोगों के हितों को प्राथमिकता दी.
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे. वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन जेएमएम परिवार के साथ-साथ गिरिडीह के लिए भी अपूरणीय क्षति है. उन्होंने विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है. श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा. उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया.





