
शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026
Liveसाइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. कभी एक मैसेज के जरिए तो कभी मोबाइल नंबर पर कब्जा जमाकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ किया जा रहा है.बेरमो थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो ऐसे ही मामले सामने आए हैं, जहां दो लोगों के बैंक खातों से करीब 2 लाख रुपये की रकम निकलने का मामला सामने आया है.दोनों पीड़ितों ने बेरमो थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है.पहला मामला फुसरो निवासी मनोहर वर्णवाल से जुड़ा है.बताया जाता है कि उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया था. मैसेज खोलना उन्हें इतना महंगा पड़ा कि देखते ही देखते उनके बैंक खाते से करीब 1 लाख रुपये निकल गए.वहीं दूसरा मामला घुटियाटांड़ निवासी वृद्ध महिला बिसानी देवी का है. महिला ने कहाकि किसी ने धोखाधड़ी से उनके मोबाइल नंबर पर कब्जा जमा लिया. सिम स्वैपिंग के जरिए मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर बैंक खाते तक पहुंच बनाई गई और करीब 1 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई.दो अलग-अलग तरीकों से हुई इस साइबर सेंधमारी ने इलाके में दहशत और फिक्र बढ़ा दी है. एक ओर मोबाइल पर आए संदिग्ध मैसेज लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं, तो दूसरी ओर सिम स्वैपिंग का खेल भी लोगों की जमा-पूंजी पर खतरा बनता जा रहा है. अब देखना है कि पुलिस की तहकीकात में साइबर ठगी के इस खेल के पीछे छिपे चेहरों का कब खुलासा होता है और पीड़ितों की रकम कब वापस मिलती है.
मेदिनीनगर के पांकी रोड स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में दो प्रसूताओं और एक नवजात की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। दरअसल, अस्पताल में प्रसव के बाद पाटन की सुमन कुमारी और गढ़वा की पूजा कुमारी की अत्यधिक रक्तस्राव और तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। वहीं, एक नवजात ने भी दम तोड़ दिया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी। जांच में मरीजों की देखभाल के लिए महज एक एएनएम की मौजूदगी समेत कई गंभीर खामियां सामने आईं।इसके बाद प्रशिक्षु आईएएस ऋतिक मेहता, सदर एसडीओ संजय पांडे और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर उसे सील कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी डॉक्टरों और अस्पताल संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर तीन जिंदगियां जाने के बाद ही प्रशासन की कार्रवाई क्यों हुई? अब देखना होगा कि इस मामले में दोषियों पर कब और कितनी सख्त कार्रवाई होती है।
बंगाल की खाड़ी से उठने वाले संभावित साइक्लोन 'अर्णब' के खतरे को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच झारखंड में इस तूफान का असर देखने को मिल सकता है। खराब मौसम और तेज हवाओं के चलते ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं और सोलर आधारित पानी की व्यवस्था में बाधा आ सकती है।इसी संभावित संकट को भांपते हुए, पेजयल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला ने आम जनता से एक बड़ी अपील की है। विभाग ने कहा है कि लोग पहले से ही अपने घरों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल (पीने का पानी) का भंडारण कर लें, ताकि अगर तूफान की वजह से पानी की आपूर्ति बाधित होती है, तो आपको और आपके परिवार को दैनिक जरूरतों के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।लेकिन अगर इस दौरान आपके इलाके में कोई जलापूर्ति योजना या चापाकल खराब हो जाता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। विभाग ने इसके लिए कंट्रोल रूम और ब्लॉक स्तर पर कनीय अभियंताओं (Junior Engineers) के मोबाइल नंबर जारी किए हैं, जिन पर आप तुरंत संपर्क कर सकते हैं:सरायकेला और कुचाई: मंगल सिंह बाहंदा (जो इस नियंत्रण कक्ष के नोडल पदाधिकारी भी हैं) – 8674928011गम्हरिया: भागमत टुडू – 6204568896राजनगर: धर्मेंद्र कुमार – 9955608041खरसावां और ईचागढ़/कुकड़ू: प्रकाश रंजन गुप्ता – 9234850400चांडिल और नीमडीह: विजय उरांव – 7870919583विभाग की अपील साफ है कि सावधानी ही बचाव है। इसलिए मौसम के मिजाज को देखते हुए पानी का स्टॉक अभी से कर लें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग के इन नंबरों पर सूचना दें, ताकि समय रहते आपकी समस्या का समाधान किया जा सके।
झारखंड के जमशेदपुर से साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। रामगढ़ में हुए 43 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड की जांच करते हुए पुलिस ने जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके में छापेमारी कर पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि ये आरोपी पिछले एक साल से एक किराए के मकान में छिपकर इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे, और आस-पड़ोस के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।मामले की शुरुआत रामगढ़ साइबर थाने में दर्ज 43 लाख रुपये की ठगी के एक मामले से हुई थी। तकनीकी जांच के दौरान जब पुलिस ने डिजिटल पदचिह्नों (Digital Footprints) को खंगाला, तो उनके तार सीधे जमशेदपुर के बिरसानगर तक जा पहुंचे।इसके बाद रामगढ़ साइबर थाना, जमशेदपुर साइबर पुलिस और बिरसानगर थाना की एक संयुक्त टीम बनाई गई। इस ज्वाइंट टीम ने बिरसानगर के जोन नंबर स्थित ओम नगर के एक मकान पर अचानक दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, ये पांचों आरोपी इसी किराए के मकान में पिछले करीब एक साल से रह रहे थे। घर के अंदर बैठकर ये लोग शातिराना अंदाज में ठगी के इस बड़े खेल को अंजाम दे रहे थे। बाहर से देखने पर किसी को शक नहीं होता था कि इस आम से दिखने वाले घर के भीतर साइबर अपराध का कोई बड़ा सिंडिकेट चल रहा है।जांच में यह बात सामने आई है कि रामगढ़ में साइबर ठगी के जरिए करीब 43 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम एक खास बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। पुलिस ने जब इसी संदिग्ध लेन-देन की कड़ियों को आपस में जोड़ा, तो वे सीधे इन आरोपियों के ठिकाने तक पहुंच गए।फिलहाल, गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि ठगी की यह रकम आगे किन-किन बैंक खातों में बांटी गई और इस पूरे नेटवर्क में किस आरोपी की क्या भूमिका थी।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह सिर्फ एक छोटी सी कड़ी है। इस सिंडिकेट से जुड़े कई अन्य लोग भी रडार पर हैं। इन पांचों आरोपियों से मिलने वाले अहम सुरागों और खुलासों के आधार पर पुलिस आने वाले दिनों में और भी ठिकानों पर छापेमारी कर सकती है।
झारखंड के युवाओं और खासकर नर्सिंग प्रोफेशनल्स के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है! राज्य में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स यानी सीएचओ के 1038 रिक्त पदों पर संविदा आधारित भर्ती की प्रक्रिया की शुरूआत हो चुकी है। झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सोसाइटी (JRHMS) ने इसके लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, और आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर है। आप आधिकारिक वेबसाइट्स jrhms.jharkhand.gov.in या recruitment.jharkhand.gov.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं।अगर आपके पास B.Sc नर्सिंग या पोस्ट बेसिक B.Sc नर्सिंग की डिग्री है, और साथ ही कम्युनिटी हेल्थ में सर्टिफिकेट प्रोग्राम (CPCH) का एकीकृत पाठ्यक्रम है, तो आप इस पद के लिए बिल्कुल योग्य हैं। यह डिग्री किसी मान्यता प्राप्त नर्सिंग कॉलेज से होनी चाहिए, और आपका संबंधित कोर्स शैक्षणिक वर्ष 2016-2020 या उसके बाद उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में एक साल के लिए अनुबंध पर रखा जाएगा, जिन्हें प्रतिमाह 25,000 रुपये मानदेय मिलेगा।चलिए अब नजर डालते हैं कि किस वर्ग के लिए कितनी सीटें आरक्षित हैं:अनारक्षित (General): 253 पदईडब्ल्यूएस (EWS): 104 पदएसटी (ST): 280 पदएससी (SC): 288 पदपिछड़ा वर्ग-1 (BC-1): 55 पदपिछड़ा वर्ग-2 (BC-2): 58 पदइस तरह कुल 1038 पदों पर यह नियुक्तियां की जाएंगी।आपकी पोस्टिंग मुख्य रूप से राज्य के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर होगी। आपकी मुख्य जिम्मेदारी ग्रामीण इलाकों में मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं देना, बीमारियों की समय पर पहचान करना, मातृ-शिशु स्वास्थ्य का ध्यान रखना और जरूरत पड़ने पर मरीजों को बड़े अस्पतालों तक रेफर करना होगा।
बोकारो में संपत्ति विवाद के चलते एक कलयुगी देवर ने अपनी ही भाभी और भतीजे पर भुजाली से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।घटना हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 9D, स्ट्रीट 36 की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की अहले सुबह जब सरोज देवी अपने घर का दरवाजा खोलकर झाड़ू लगा रही थीं, तभी आरोपी देवर संतोष प्रसाद जबरन घर में घुस आया। आरोपी ने सबसे पहले अपने भतीजे अमन कुमार पर भुजाली से ताबड़तोड़ कई वार किए। बेटे को बचाने जब मां सरोज देवी आगे आईं, तो बेरहम देवर ने उनके सिर पर भी भुजाली से हमला कर दिया। इस हमले में मां और बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।हैरानी की बात यह है कि परिवार का आपराधिक इतिहास डराने वाला है।जख्मी महिला के पति और बड़े भाई मिथिलेश प्रसाद का आरोप है कि इसी छोटे भाई ने पहले उनके पिता की भी भुजाली से हत्या कर दी थी और वह पहले भी मिथिलेश पर जानलेवा हमला कर चुका है। डर की वजह से ही मिथिलेश अपना पैतृक घर (चास के यदुवंश नगर) छोड़कर यहां सेक्टर 9D में रहने आए थे। घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को भी मामूली चोटें आई थीं, जिसे सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने पुष्टि की है कि मामला पूरी तरह से संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
रांची नगर निगम के सामुदायिक भवनों की बुकिंग अब ऑनलाइन होगी। पहले चरण में शहर के पांच सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। हालांकि, ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बावजूद अब तक इन भवनों के लिए एक भी बुकिंग नहीं मिली है। पहले चरण में वार्ड-14 स्थित इंदिरा गांधी चौक, वार्ड-18 स्थित ईस्ट जेल रोड, वार्ड-36 स्थित न्यू पुंदाग, वार्ड-44 स्थित इलासिया कम्युनिटी हॉल, पारस टोली और वार्ड-45 स्थित ग्वाला टोली, मजार रोड, डोरंडा के सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। नगर निगम की ओर से इन भवनों की उपलब्धता की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग अपनी सुविधा के अनुसार तारीख चुनकर बुकिंग कर सकें। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन बुकिंग होने के बाद ही भू-संपदा शाखा संबंधित बुकिंगकर्ता को चाबी उपलब्ध कराएगी।रांची नगर निगम के सामुदायिक भवनों की उपलब्धता देखने और बुकिंग करने के लिए आधिकारिक पोर्टल https://apnaranchi.rsccl.in/ पर जाना होगा। यहां उपलब्ध तारीख देखकर अपनी सुविधानुसार तिथि का चयन किया जा सकता है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर ऑनलाइन बुकिंग कराई जा सकती है। इस व्यवस्था से लोगों को सामुदायिक भवन बुक कराने के लिए नगर निगम कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सामुदायिक भवनों का उपयोग विवाह समारोह, पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों समेत अन्य महत्वपूर्ण अवसरों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा सकेगा। नगर निगम को उम्मीद है कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से भवनों के आवंटन और संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही उनके अनधिकृत उपयोग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
बेरमो थाना क्षेत्र के डुमरी-जैनामोड़ मुख्य मार्ग स्थित फुसरो ओवरब्रिज पर शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार शंकर धर गंभीर रूप से घायल हो गए। फुसरो बाजार निवासी शंकर धर अपनी मोटरसाइकिल संख्या जेएच09वाई-4758 से मकोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर संख्या एनएल01एके-7903 की चपेट में आ गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई।घटना के बाद ओवरब्रिज पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क से उठाकर उपचार के लिए केंद्रीय अस्पताल ढोरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।हादसे के बाद ओवरब्रिज पर वाहनों का परिचालन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।सूचना मिलते ही बेरमो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को ओवरब्रिज से हटवाकर थाना ले गई। इसके बाद यातायात व्यवस्था बहाल हुई।मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बनारस से पुरुलिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान फुसरो ओवरब्रिज पर यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की तहकीकात करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
झारखंड के रांची ज़िले के मांडर थाना क्षेत्र के सेवाडीह गांव के रहने वाले एक किसान राम उरांव की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह वारदात इलाके में चर्चा और सनसनी का बड़ा कारण बन गई है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक,यह पूरी घटना गुरुवार शाम को टीको पेट्रोल पंप के समीप हुई। मृतक राम उरांव अपनी रोज़ की तरह दूध पहुंचाने के लिए टीको स्थित दूध सेंटर गए हुए थे। जब वे वापस लौट रहे थे,तभी सड़क पर पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और उनके सिर में बेहद करीब से गोली मार दी।घटना की सूचना मिलते ही मांडर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि गोली सीधे सिर में लगने के कारण राम उरांव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इस जघन्य हत्याकांड के पीछेजमीन विवाद की बात सामने आ रही है।पुलिस इस मामले में बेहद मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है। अब तक इस हत्या के सिलसिले मेंछह लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरी साज़िश और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिन-दहाड़े हुई इस हत्या के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है .
खेल की दुनिया से झारखंड के लिए एक बेहद गर्व भरी और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। रामगढ़ जिले के एक छोटे से गांव के लाल ने अपनी मेहनत और कुश्ती के दांव-पेंच से पूरे देश में राज्य का नाम रोशन कर दिया है।यह कहानी है रामगढ़ जिले के चुंबा गांव के रहने वाले युवा पहलवान हिमांशु कुमार की। हिमांशु ने हरियाणा के सोनीपत में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के अंडर-17 ओपन वर्ग (52 किलोग्राम फ्रीस्टाइल मुकाबले) में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में हिमांशु ने हरियाणा के ही एक कड़े प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देकर यह प्रतिष्ठित पदक अपने नाम किया। उनकी इस शानदार जीत से न सिर्फ उनके पैतृक गांव चुंबा, बल्कि पूरे झारखंड में जश्न का माहौल है!10वीं कक्षा के छात्र हिमांशु ने यह साबित कर दिया है कि अगर लगन सच्ची हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता के आड़े नहीं आते। उनके पिता उमेश महतो एक कॉन्ट्रैक्टर हैं और माता गृहिणी हैं। हिमांशु ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने स्कूल 'ग्रेट यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल' के शिक्षक बबलू सर को दिया है, जिनसे उन्होंने कुश्ती की शुरुआती बारीकियां सीखीं। फिलहाल वे कुजू स्थित 'द चैंपियंस डोजो' में अपनी ट्रेनिंग ले रहे हैं। इससे पहले वे राज्य स्तर पर भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने के बाद अब हिमांशु की निगाहें और भी ऊंचे लक्ष्यों पर टिकी हैं। वे जल्द ही जूनियर रेसलिंग एशियन चैंपियनशिप के ट्रायल की तैयारी कर रहे हैं। इसके साथ ही, वे प्रतिष्ठित 'खेलो इंडिया' प्रतियोगिता में भी झारखंड का प्रतिनिधित्व करने की पूरी तैयारी में जुटे हैं।झारखंड के इस उभरते हुए सितारे की यह सफलता कई युवाओं के लिए प्रेरणा है।
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर से झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में ही राज्य में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में आज सुबह से ही कुहासे की घनी चादर छाई हुई है। आंध्र प्रदेश के रास्ते छत्तीसगढ़ और ओडिशा पहुंचा चक्रवाती तूफान 'अर्नब' अब हालांकि कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके असर से पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण राजधानी रांची के तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई है।रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वही मेदिनीनगर मेंअधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम 20.3 डिग्री रहा।इसके अलावा जमशेदपुर, बोकारो और चाईबासा में भी पारे में खासी गिरावट आई है। वहीं, सिमडेगा में 25 मिमी और जमशेदपुर में 21 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।मौसम के इस बदलाव का असर किसानों की फसलों पर भी पड़ा है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के वैज्ञानिक डॉ. रमेश कुमार के मुताबिक, जिन इलाकों जैसे लोहरदगा, चाईबासा, मांडर और सिमडेगा में धान की फसल पूरी तरह पक चुकी थी, वहां तेज बारिश से बालियां खेतों में झुक गई हैं जिससे नुकसान हुआ है। हालांकि, अन्य जिलों में जहां फसल पकनी शुरू ही हुई है, वहां यह बारिश फायदेमंद साबित हुई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों से अतिरिक्त पानी निकाल दें और मौसम साफ होने पर सरसों की बुआई शुरू कर सकते हैं।अब बात आने वाले दिनों के पूर्वानुमान कीपलामू, गढ़वा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में गर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है3 नवंबर तक राज्य के दक्षिणी इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है4 नवंबर से पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा, जिसके बाद रात की ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी
सड़क योजनाओं की बाधाएं प्रशासन के समन्वय से दूर करें : प्रधान सचिवलंबित मुआवजा वितरण की कार्रवाई निश्चित समयावधि में पूरा करने का निर्देशकुछ योजनाओं की पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति की कार्रवाई यथाशीध्र पूर्ण करेंत्योहारों के मद्देनजर विभाग की सड़कों और संपर्क पथों को सुरक्षित यातायात योग्य बनाएंरांची :पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर विशेषकर रांची की चालू एवं नयी सड़क परियोजनाओं को निश्चित समयावधि में पूरा करने का आदेश दिया। इसके लिए जिला प्रशासन एवं जिला भू अर्जन कार्यालय से संपर्क स्थापित कर कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने का निर्देश भी प्रधान सचिव ने दिया। उन्होंने पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के क्रम में यह निर्देश दिए। समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि रांची जिला में अधिकांश परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण एवं युटिलिटी शिफ्टिंग एवं अन्य प्रक्रियाओं में विलंब के कारण आपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है। उन्होंने इसके लिए संबधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया । जिस परियोजनाओं में भूमि उपलब्ध है उनमें कार्य खंडों का निर्धारण कर चरबद्ध तरीके से काम भी किया जाए। प्रधान सचिव ने खेलगांव से नामकुम आरओबी तक फोर एवं टू लेन, दुर्गा सोरेन चैक नामकुम से रामपुर रिंग रोड तक फोरलेन, हाली डे होम कांके से वाया भीठा -एदलहातु होते हुये बोड़ेया चिरौंदी , नामकुम आरओबी -अनगड़ा सेक्षन में रांची पुरूलिया रोड ( 17.70 किमी0) के सुदृढीकरण की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की । इसके अलावा भूअर्जन से संबंधित एनएच 23 पर कोदोजोरा मोड़ से लोहरदगा मेन रोड वाया घाघरा पांडेपारा , बरियातु लेम बड़गाईं बोड़ेया, पंडरा से कांके , डीएवी पुंदाग से डीएवी हेहल , बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ( हुंडरू) हेथु, चंदाघासी कोचांग रिंगरोड , बहुबाजार से पटेल चैक कनेक्टिंग फ्लाई ओवर की प्रगति की समीक्षा की । उन्होंने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में मुआवजा की राशि जारी की जा चुकी है, उनमें तुरंत काम शुरू किया जाए।पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्त को पत्र लिख कर पथ निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों साथ विभाग के अंर्तगत विशेषकर विलंब से चल रही योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का अनुरोध किया है, जिससे आवश्यक भू-अर्जन एवं वनभूमि अपयोजन की प्रकियाओं को निश्चित समयावधि में पूरा किया जा सके। प्रधान सचिव ने पत्र में कहा है कि पथ निर्माण विभाग की ओर से पथों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुनर्निमाण के लिए स्वीकृत परियोजनाएं भूअर्जन एवं वनभूमि अपयोजन के कारण परियोजनाओं की प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिससे परियोजनाओं लागत में भी वृद्धि हो रही है । इसलिए उपरोक्त कार्रवाई की जाए।रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट
देवघर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET 2026) के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा 1 नवंबर को देवघर और मधुपुर अनुमंडल के कुल 45 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सूचना भवन सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर निर्देशउपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल और अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा गया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।पुलिस बल और फ्लाइंग स्क्वाड रहेंगे सक्रियबैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही फ्लाइंग स्क्वाड को सक्रिय रखने और परीक्षा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय बनाकर परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागूपरीक्षा के दिन यानी 1 नवंबर को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक सभी 45 परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और ऐसी गतिविधियों को रोकना है, जिनसे परीक्षा संचालन प्रभावित हो सकता है। अभ्यर्थियों और आम लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।प्रश्नपत्र लीक की अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाईजिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाएं और प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।प्रशासन का कहना है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि करना जरूरी है। अफवाहों से बचने और परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।1 नवंबर को दो पालियों में होगी JTET परीक्षादेवघर और मधुपुर अनुमंडल के 45 केंद्रों पर आयोजित होने वाली JTET 2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराना है।
गुमलाः झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने हथियारों की बरामदगी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। भरनो थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने AK-56 राइफल, कार्बाइन, मैगजीन और भारी मात्रा में गोलियां समेत कई सामान बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि रोहित कुमार शर्मा समेत अन्य संदिग्ध फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।बड़ी घटना की साजिश की सूचना पर पुलिस की कार्रवाईपुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र के लोटकोटली गांव में कुछ हथियारबंद लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें हथियारों और गोलियों की बरामदगी हुई।AK-56 राइफल, कार्बाइन और गोलियां बरामदपुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, तलाशी के दौरान एक AK-56 राइफल, एक कार्बाइन, मैगजीन, 34 गोलियां, 9 एमएम की गोलियां, देसी कारतूस, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। हथियारों की इस बरामदगी के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।राजेंद्र यादव गिरफ्तार, अन्य संदिग्ध फरारइस मामले में पुलिस ने भरनो थाना क्षेत्र के राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। वहीं, रोहित कुमार शर्मा समेत अन्य संदिग्धों के फरार होने की जानकारी दी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही बरामद हथियारों, मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर मामले से जुड़े संभावित संपर्कों की जांच की जा रही है।पुलिस खंगाल रही हथियारों के नेटवर्क की कड़ियांपुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हथियारों की आपूर्ति और संभावित आपराधिक नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है। हालांकि, हथियारों के स्रोत, आरोपियों की भूमिका और किसी कथित साजिश के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।गुमला से किशोर जायसवाल की रिपोर्ट
रांची : झारखंड की पारंपरिक लोककला सोहराय पेंटिंग अब रांची के एलिवेटेड कॉरिडोर की खूबसूरती बढ़ाएगी. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची ने इस कार्य का आवंटन कर दिया है. जल्द ही चित्रांकन का काम शुरू किया जाएगा.इस पहल के तहत NH-75 के एलिवेटेड कॉरिडोर और NH-23 के डाउन रैंप को सोहराय चित्रकला से सजाया जाएगा. इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों के सौंदर्यीकरण के साथ झारखंड की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है.झारखंड की कला को मिलेगी नई पहचानसोहराय चित्रकला झारखंड की विशिष्ट पारंपरिक लोककलाओं में शामिल है. प्रकृति, पशु-पक्षियों, ज्यामितीय आकृतियों और आकर्षक रंगों के माध्यम से यह कला राज्य की जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है. एलिवेटेड कॉरिडोर पर इसके चित्रांकन से रांची के प्रमुख मार्ग को नया रूप मिलेगा. साथ ही, स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले यात्रियों को झारखंड की पारंपरिक कला से परिचित होने का अवसर मिलेगा.विकास के साथ संस्कृति को बढ़ावाNHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि सोहराय चित्रकला से एलिवेटेड कॉरिडोर को सजाना झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास से जोड़ने का सार्थक प्रयास है. उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य बेहतर और सुरक्षित सड़क अवसंरचना के निर्माण के साथ स्थानीय कला, संस्कृति और पहचान को भी प्रोत्साहित करना है.वहीं, PIU रांची के परियोजना निदेशक अमित रौशन ने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोहराय चित्रकला का समावेश सड़क अवसंरचना को स्थानीय सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने की अभिनव पहल है. इससे शहर के प्रमुख मार्ग की सुंदरता बढ़ेगी और झारखंड की पारंपरिक कला को व्यापक पहचान मिलेगी.NHAI की इस पहल से आधुनिक सड़क अवसंरचना और झारखंड की पारंपरिक लोककला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.रांची से राजीव मोहन श्रीवास्तव की रिपोर्ट-
सरायकेला-खरसावांः झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एनएच-33 पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चौका थाना क्षेत्र के बड़ामटांड़ के पास ट्रक और दो टेलर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक टेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और दोनों चालक बाल-बाल बच गए।पहले से खड़े दुर्घटनाग्रस्त टेलर से टकराया ट्रकमिली जानकारी के अनुसार, एनएच-33 पर बड़ामटांड़ के पास पहले से एक दुर्घटनाग्रस्त टेलर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रांची से जमशेदपुर की ओर जा रहा एक ट्रक उससे टकरा गया। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहा एक अन्य टेलर भी अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ा। लगातार हुई टक्करों के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में ट्रक और टेलर के अगले हिस्सों को काफी नुकसान पहुंचा। वहीं, एक टेलर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।NH-33 पर लगा वाहनों का लंबा जामतीन भारी वाहनों की टक्कर के बाद एनएच-33 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर फंसे रहने से आवागमन बाधित हो गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।सड़क किनारे खड़े वाहन से हादसे की आशंकास्थानीय लोगों के अनुसार, पहले से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का सड़क किनारे खड़ा होना इस हादसे की संभावित वजह हो सकता है। लोगों ने हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त भारी वाहनों को बिना पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था के खड़ा किए जाने पर चिंता जताई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सुरक्षित तरीके से हटाने, चेतावनी संकेत लगाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत सामने आई है।चांडिल से विजय कुमार की रिपोर्ट
हजारीबागःभारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 4 नवंबर को पदयात्रा निकाली जायेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस की राजनीति और उसके बयानों का जवाब देंगे। इस मौके पर उन्होंने अभियान के तहत 4 नवंबर को हजारीबाग में पदयात्रा आयोजित करने की भी घोषणा की।कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोपप्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए सरकार बनने के बाद से कांग्रेस और उसके नेता लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उनके अनुसार, इससे देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।मरांडी ने कहा कि कांग्रेस पहले ईवीएम को लेकर सवाल उठाती रही, इसके बाद मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया और अब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।मतदाता सूची के पुनरीक्षण को बताया जरूरीबाबूलाल मरांडी ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक जरूरी प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ-साथ मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी सहयोग करते हैं।मरांडी ने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट गया है, तो संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नियमानुसार लिखित दावा और आपत्ति दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल प्रेस वार्ता और सार्वजनिक बयानबाजी के जरिए जनता के बीच भ्रम पैदा करना उचित नहीं है।भाजपा कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने का आह्वानभाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता का विश्वास हासिल करने के बजाय आंदोलनों और भ्रामक प्रचार के जरिए देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली राजनीतिक पार्टियों को जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ना चाहिए और जनादेश प्राप्त करना चाहिए।उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता से लोकतंत्र, संविधान, शांति और विकास के मुद्दों पर सतर्क रहने की अपील की। साथ ही कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और उसके राजनीतिक रुख पर अपनी बात रखेंगे।4 नवंबर को हजारीबाग में पदयात्राप्रेस वार्ता के दौरान बाबूलाल मरांडी ने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 4 नवंबर को हजारीबाग में पदयात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। भाजपा की इस प्रस्तावित पदयात्रा के जरिए पार्टी अपने अभियान के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर अपना पक्ष रखने की तैयारी में है।हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में बिजली विभाग की लापरवाही के आरोपों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में खेत में गिरे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से ससुर और पुत्रवधू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।मृतकों की पहचान 70 वर्षीय कन्हाई मंडल और उनकी 47 वर्षीय पुत्रवधू पुतुल देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों खेत में बकरी चराने गए थे। इसी दौरान खेत में गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।पहले भी गिर चुका था बिजली का तार, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोपघटना के बाद मृतका के पुत्र ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजरने वाला बिजली का तार काफी नीचे है और बिजली का खंभा भी पुराना हो चुका है।परिजनों के मुताबिक, पिछले साल भी बिजली का तार गिर गया था, जिससे धान की फसल जलकर बर्बाद हो गई थी। इस मामले में बिजली विभाग को आवेदन देकर शिकायत भी की गई थी, लेकिन आरोप है कि समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तार और खंभे की मरम्मत कर दी गई होती, तो शायद इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था। हालांकि, बिजली विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।पिता और पत्नी को खोने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका के पुत्र ने बताया कि एक दुर्घटना के बाद उनके पिता की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। परिवार में एक छोटी बहन भी है, जिसकी शादी अभी नहीं हुई है।दो लोगों की अचानक मौत से परिवार के सामने अब भरण-पोषण और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। परिजनों का दर्द बयां करते हुए मृतका के पुत्र ने सवाल उठाया कि अब परिवार की देखभाल कौन करेगा।सदर अस्पताल पहुंचाए गए शव, पोस्टमार्टम में देरीघटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों शवों को गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सूर्यास्त हो जाने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पूरी की जाएगी।बिजली विभाग की जवाबदेही पर उठे सवालइस घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली के पुराने खंभों और नीचे लटकते तारों की जांच कराने तथा संभावित खतरनाक स्थानों पर तत्काल मरम्मत की मांग उठाई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित विभाग मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता मिलती है या नहीं।गोड्डा से अभिजीत तन्मय की रिपोर्ट
रांची:अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए झारखंड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली रवाना होने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने रांची से 13 बसों को रवाना किया। इन बसों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सवार थे।ट्रेन और बस से दिल्ली जा रहे कांग्रेस कार्यकर्तारैली में भाग लेने के लिए झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कार्यकर्ताओं का दिल्ली जाना शुरू हो गया है। लोग ट्रेन और बस के माध्यम से रैली में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया नए सिरे से पूरी करने की मांग उठाई जाएगी। साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मतदाताओं के वोट देने के अधिकार पर असर पड़ रहा है।केंद्र सरकार पर बंधु तिर्की ने साधा निशानावहीं, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करने और राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोट देने के अधिकार को सुरक्षित रखना लोकतंत्र के लिए जरूरी है। बंधु तिर्की ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के माध्यम से कांग्रेस और INDIA गठबंधन केंद्र सरकार के सामने अपनी मांगें रखेंगे।रामलीला मैदान में होगी महारैलीकांग्रेस की ओर से आयोजित इस रैली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जाने की बात कही जा रही है। झारखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने के लिए रवाना होने के साथ ही पार्टी ने रैली की तैयारियां तेज कर दी हैं।