पटना : तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी और मेदांता अस्पताल के संयुक्त प्रयास से संगत एवं तख्त साहिब के कर्मचारियों के लिए OPD चिकित्सा सेवा की शुरुआत की गई है. शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को तख्त पटना साहिब के मुख्य द्वार के समीप नवनिर्मित OPD सेंटर का विधिवत उद्घाटन मेदांता अस्पताल के CEO और पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने संयुक्त रूप से किया.
इस अवसर पर तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. उद्घाटन के साथ ही इस OPD सेंटर के माध्यम से संगत और तख्त साहिब में कार्यरत कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है.
इस केंद्र पर मेदांता अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर पहुंचकर मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे. इससे लोगों को सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अस्पताल तक जाने से पहले स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेने की सुविधा मिलेगी.
तख्त पटना साहिब में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने और दर्शन करने पहुंचते हैं. ऐसे में परिसर के मुख्य द्वार के समीप OPD सेंटर खुलने से संगत को भी जरूरत पड़ने पर चिकित्सा परामर्श मिल सकेगा. वहीं, तख्त साहिब के कर्मचारियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा.
प्रबंधक कमेटी और मेदांता अस्पताल की इस संयुक्त पहल को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. धार्मिक स्थल पर आने वाली संगत और वहां सेवा करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य की देखभाल के उद्देश्य से शुरू की गई यह व्यवस्था निश्चित रूप से उपयोगी साबित हो सकती है.
उमेश चौबे की रिपोर्ट-
