बेरमो थाना क्षेत्र के डुमरी-जैनामोड़ मुख्य मार्ग स्थित फुसरो ओवरब्रिज पर शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार शंकर धर गंभीर रूप से घायल हो गए। फुसरो बाजार निवासी शंकर धर अपनी मोटरसाइकिल संख्या जेएच09वाई-4758 से मकोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर संख्या एनएल01एके-7903 की चपेट में आ गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई।घटना के बाद ओवरब्रिज पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क से उठाकर उपचार के लिए केंद्रीय अस्पताल ढोरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।हादसे के बाद ओवरब्रिज पर वाहनों का परिचालन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही बेरमो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को ओवरब्रिज से हटवाकर थाना ले गई। इसके बाद यातायात व्यवस्था बहाल हुई।मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बनारस से पुरुलिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान फुसरो ओवरब्रिज पर यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की तहकीकात करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
