कटिहार पहुंचे संजय सरावगी : कार्यकर्ता समागम सह सम्मान समारोह में कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूती का संदेश
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अपने प्रवास कार्यक्रम के तहत कटिहार पहुंचे. कटिहार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया. प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के इस स्नेह और विश्वास के लिए आभार जताते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर लगातार मजबूत हो रही है.
कटिहार पहुंचने के बाद संजय सरावगी जिला कार्यालय,सिरसा पहुंचे. यहां कार्यकर्ता समागम सह सम्मान समारोह में उन्होंने हिस्सा लिया. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक संगठन नहीं,बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निरंतर काम करने वाला संगठन है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा कि बीजेपी की सबसे बड़ी विशेषता उसका कार्यकर्ता आधारित संगठन है. पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का प्रतिनिधि है और जनता के बीच बीजेपी की नीतियों एवं सरकार के कार्यों को पहुंचाने की जिम्मेदारी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच जाएं, लोगों की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएं. उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन का आधार केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि बूथ से लेकर जिला स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की पूरी टीम होती है।
कार्यकर्ता समागम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया. उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने वर्षों से संगठन के लिए अपना समय और ऊर्जा समर्पित की है, उनका सम्मान वास्तव में बीजेपी की कार्यसंस्कृति का सम्मान है. कार्यकर्ताओं के उत्साह और सहभागिता को देखते हुए उन्होंने कहा कि कटिहार में संगठन पूरी मजबूती के साथ जनसेवा और राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है.
इसके बाद संजय सरावगी मिरचाईबाड़ी स्थित पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास पहुंचे, जहां जिला कोर कमिटी की बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले में संगठन की वर्तमान स्थिति,आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर की गतिविधियों और संगठन को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर की जानकारी ली और संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की तैयारी ही बीजेपी की सबसे बड़ी पूंजी होगी.
उन्होंने कहा कि बीजेपी संगठन समाज के हर वर्ग के साथ संवाद और सहभागिता को महत्व देता है. कार्यकर्ताओं से लेकर व्यापारी, युवा, महिला, किसान और विभिन्न सामाजिक समूहों तक सभी के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से ही विकसित बिहार के संकल्प को मजबूत आधार दिया जा सकता है. कटिहार प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन और समाज के बीच इसी संवाद को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया.
संजय सरावगी के कटिहार प्रवास के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं,जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही. पूरे दिन संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ समाज के महत्वपूर्ण वर्गों से संवाद के जरिए प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी के जनसंपर्क और संगठन विस्तार की दिशा को मजबूती देने का संदेश दिया.





