बिहार में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से आयोजित लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होने जा रही है। परीक्षा 6 दिसंबर 2026 तक विभिन्न तिथियों और पालियों में ऑनलाइन यानी कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के अंतिम एडमिट कार्ड 17 नवंबर को जारी किए जा चुके हैं।परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, केंद्र पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कलाई घड़ी, पर्स और बैग ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र और बॉल पेन लेकर पहुंचने की सलाह दी गई है।

बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था को देखते हुए हाथों पर मेहंदी, स्याही, रंग और नेल पॉलिश लगाने पर भी रोक लगाई गई है। परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले अभ्यर्थियों को लॉग-इन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा के दौरान केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा के लिए 150 मिनट यानी ढाई घंटे निर्धारित किए गए हैं। राहत की बात यह है कि गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। अलग-अलग पालियों में परीक्षा आयोजित होने के कारण अंकों के सामान्यीकरण की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

सफलता के लिए सामान्य वर्ग को 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग को 45.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग को 42.5 प्रतिशत तथा एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को 40 प्रतिशत न्यूनतम अंक प्राप्त करने होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, तिथि और समय की जानकारी एडमिट कार्ड से जांचकर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट