बोकारो के सीसीएल कथारा क्षेत्र अंतर्गत जारंगडीह परियोजना में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कांटा घर के समीप स्थित 250 केवीए के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के फोरमैन सक्रिय हुए और दर्जनों बिजली कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। कर्मियों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फोरमैन मोहम्मद सनाउल्लाह ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर नष्ट हो सकता था। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ ही घंटों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं, समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाने वाले बिजली विभाग के कर्मियों के प्रयासों की स्थानीय लोगों ने सराहना की।