Hindi News / सिगोड़ी थाने में पूछताछ के लिए लाए युवक की मौत,आगंतुक कक्ष में फंदे...

पटना : सिगोड़ी थाने में पूछताछ के लिए लाए युवक की मौत,आगंतुक कक्ष में फंदे से लटका मिला शव

Edited By:  |
patna patna

पटना: जिले के सिगोड़ी थाना परिसर में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पूछताछ के लिए लाए गए करीब 30 से 35 वर्षीय युवक का शव आगंतुक कक्ष में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल वरीय अधिकारियों को मामले की सूचना दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक को किसी मामले में पूछताछ के लिए सिगोड़ी थाने लाया गया था। बताया जा रहा है कि युवक जहानाबाद का रहने वाला था। पुलिस ने उसे बाइक से कहीं जाते समय पकड़ा था। सूत्रों के अनुसार, रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद के मामले में उससे पूछताछ की जा रही थी।

इसी दौरान युवक का शव थाना परिसर के आगंतुक कक्ष में फंदे से लटका मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे थाना परिसर का निरीक्षण किया।

एसएसपी, सिटी एसपी पश्चिमी, पालीगंज एसडीपीओ और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। युवक को किस मामले में थाने लाया गया था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है।

घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पूछताछ के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया को लेकर भी अधिकारियों ने जानकारी ली है। फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले में सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी देने से बच रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी।