बाढ़ पर तेजस्वी का NDA पर हमला : नेता प्रतिपक्ष बोले-35 सांसद और 7 मंत्री फिर भी विशेष पैकेज नहीं दिया गया
पटना: बिहार में बाढ़ और कटाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने बिहार में बाढ़ और कटाव की स्थिति को लेकर पत्र लिखा था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।
तेजस्वी ने आरोप लगाया है कि बिहार को न तो बाढ़ को लेकर पर्याप्त राहत मिली और न ही कोई विशेष पैकेज दिया गया। उन्होंने कहा कि बिहार के 30 से 35 सांसद और 6 से 7 मंत्री केंद्र में हैं,लेकिन इनमें किसी की इतनी हैसियत नहीं कि वह बिहार के लिए विशेष पैकेज लेकर आ सके।
तेजस्वी ने सवाल उठाया कि बिहार के लिए ये लोग क्या लेकर आए? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार के हाथ में ठेंगा है। तेजस्वी ने लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस समय बिहार के लिए विशेष पैकेज लाया गया था।
उन्होंने गुजरात और बिहार के साथ केंद्र के कथित व्यवहार पर भी सवाल खड़े किए। तेजस्वी ने कहा कि गुजरात में पानी बरसने पर भी विशेष पैकेज मिल जाता है, तो बिहार के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है?
तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में करीब 45 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, लेकिन उनकी सुध नहीं ली जा रही। उन्होंने कहा कि चार साल 11 महीने तक बिहार पर ध्यान नहीं दिया जाता और चुनाव के आखिरी महीने में 10 हजार रुपये देने की बात होती है।
तेजस्वी ने अमित शाह के पुराने दावे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार में बाढ़ रोकने की बात कही थी, लेकिन बाढ़ रोकना तो दूर, अमित शाह इसे देखने तक नहीं आए।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





