BIG NEWS : साइबर ठगी के सिम बॉक्स नेटवर्क पर CBI का बड़ा एक्शन, बिहार-ओडिशा में 10 ठिकानों पर छापा, एयरटेल डिस्ट्रीब्यूटर गिरफ्तार
पटना: साइबर धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे अवैध सिम बॉक्स संचालन के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानीCBIने बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई ने बिहार के वैशाली और ओडिशा के जगसिंहपुर जिले में 10 स्थानों पर तलाशी ली. इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
सीबीआई के अनुसार,महुआ,वैशाली के एक एयरटेल एरिया डिस्ट्रीब्यूटर की भूमिका बड़ी संख्या में सिम कार्ड जारी करने और उन्हें कथित तौर पर अवैध सिम बॉक्स संचालन में इस्तेमाल के लिए आगे भेजने के मामले सामने आई है. इसी आधार पर डिस्ट्रीब्यूटर को गिरफ्तार किया गया है.
यह मामला मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले में सामने आए अवैध सिम बॉक्स संचालन से जुड़ा है. जांच के दौरान उस घर से 1300 से अधिक सिम कार्ड बरामद किए गए थे,जहां कथित तौर पर सिम बॉक्स संचालित किया जा रहा था.
सीबीआई के मुताबिक,इन सिम कार्ड से जुड़े डेटा के विश्लेषण में देशभर में साइबर अपराध के कम से कम 73 मामलों से कनेक्शन सामने आया है. इनमें डिजिटल अरेस्ट के जरिए की गई ठगी के मामले भी शामिल हैं.
जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश सिम बिहार और ओडिशा से जारी किए गए थे. सीबीआई का आरोप है कि वैशाली में सिम बिक्री केंद्रों यानीPoSके क्रेडेंशियल्स का कथित दुरुपयोग किया गया. कुछ ग्राहकों ने बताया कि उनके नाम पर सिम जारी होने की उन्हें जानकारी नहीं थी.
तलाशी में मोबाइल फोन,लैपटॉप और सिम कार्ड समेत कई डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं. सीबीआई ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एजेंसी ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





