रांची में ब्लास्ट : राजधानी के पॉश इलाके सेल सिटी में जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर विस्फोट, बाल-बाल बचे लोग
रांची:राजधानी के पुंदाग थाना क्षेत्र का पॉश इलाका सेल सिटी में मंगलवार दोपहर गैस सिलेंडर विस्फोट के जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया. सेल सिटी के ब्लॉक E-1 स्थित एक फ्लैट में अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई. हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुई है, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
धमाका इतना तेज था कि आसपास के फ्लैटों की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए. जोरदार आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में बाहर निकल आए. बताया जा रहा है कि फ्लैट को भारी नुकसान पहुंचा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. जिस घर ये सिलेंडर ब्लास्ट हुआ उस फ्लैट के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया.





