BIHAR NEWS : पटना नगर निगम पर्षद की 12वीं साधारण बैठक संपन्न, 5 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से किया गया पास
पटना : महापौर सीता साहू की अध्यक्षता एवं उप महापौर रेशमी कुमारी तथा नगर आयुक्त यशपाल मीणा की उपस्थिति में शुक्रवार को पटना नगर निगम पर्षद की 12वीं साधारण बैठक संपन्न हुई. बैठक में 11वीं बोर्ड मीटिंग की कार्यवाही की सम्पुष्टि सहित कुल पांच प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई.

लीज-होल्ड संपत्तियों को फ्री-होल्ड करने का प्रस्ताव पास
बैठक में पटना नगर निगम के अधीन राजेंद्र नगर,श्रीकृष्णपुरी,पीआईटी कॉलोनी (कंकड़बाग),बेउर,मौर्य लोक परिसर एवं ट्रांसपोर्ट नगर में लीज पर आवंटित संपत्तियों (भूखंड,भवन,फ्लैट) को फ्री-होल्ड में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई.

साथ ही,बोर्ड के सदस्यों द्वारा लीज-होल्ड संपत्तियों को फ्री-होल्ड में परिवर्तित करने के लिए शुल्क निर्धारित करने, फ्री-होल्ड की जाने वाली संपत्तियों का विस्तृत विवरण एवं इससे निगम को होने वाली संभावित राजस्व प्राप्ति का ब्योरा प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया.इस संबंध में विशेष बैठक आयोजित कर विस्तृत चर्चा के उपरांत निर्णय लेने का आग्रह किया गया.इस संबंध में दिनांक18अगस्त2026को निगम पर्षद की विशेष बैठक होगी.
35 स्थलों पर हाईमास्ट लाइट लगाने की स्वीकृति
बैठक में हुडको के सीएसआर मद से पटना के35स्थलों पर हाईमास्ट लाइट के अधिष्ठापन को भी स्वीकृति प्रदान की गई.
पांच हाई-यील्ड ट्यूबवेल लगाने की स्वीकृति
शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भंवर पोखर (वार्ड-39),अटल पार्क (वार्ड-54),सदाकत आश्रम (वार्ड-22बी),गंगा विहार कॉलोनी (वार्ड-51)एवं एसडीओ ऑफिस (वार्ड-58)में हाई-यील्ड ट्यूबवेल के अधिष्ठापन की स्वीकृति प्रदान की गई.विभागीय मार्गदर्शन प्राप्त होने के बाद इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रत्येक हाई-यील्ड ट्यूबवेल के अधिष्ठापन पर लगभग1.35करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी.
आउटसोर्सिंग एजेंसियों पर कार्रवाई को बोर्ड की मंजूरी
बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई.इस दौरान आउटसोर्सिंग एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की स्वीकृति प्रदान की गई.
विदित है कि दिनांक30जुलाई से6अगस्त तक सफाई कर्मियों के एक वर्ग द्वारा की गई हड़ताल के दौरान आवश्यक संख्या में मानवबल एवं चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं करने तथा एकरारनामे की शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में तीन आउटसोर्सिंग एजेंसियों यथा वर्चुअस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड,एम4सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड एवं मॉर्यन कार्स ऑटो सर्विसेज को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करते हुए लगभग72.34करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है.
बोर्ड के सदस्यों ने एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
सघन सफाई अभियान की बोर्ड सदस्यों ने की सराहना
हड़ताल के दौरान सीमित संसाधनों के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त की सतत निगरानी में चलाए गए सघन सफाई अभियान की बोर्ड के सभी सदस्यों ने सराहना की.मुख्य सड़कों के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों,अस्पतालों,बस स्टैंड तथा हाई-फुटफॉल वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगम की पूरी टीम द्वारा किए गए प्रयासों की प्रशंसा की गई.
वार्डों की समस्याओं एवं विकास कार्यों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित विकास कार्यों,जन सुविधाओं एवं विभिन्न समस्याओं को अध्यक्ष के समक्ष रखा.संबंधित पदाधिकारियों द्वारा उठाए गए विषयों पर वस्तुस्थिति की जानकारी दी गई तथा आवश्यक कार्रवाई के संबंध में निर्देश दिए गए.
बैठक में पार्षदों द्वारा रखे गए सुझावों एवं प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए शहर के विकास,नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट





