Hindi News / मंत्री रामकृपाल यादव बोले - देश और राज्य में मनाया जा रहा राष्ट्रीय...

बेगूसराय में निकाली गई तिरंगा यात्रा : मंत्री रामकृपाल यादव बोले - देश और राज्य में मनाया जा रहा राष्ट्रीय स्वाभिमान का पर्व

Edited By:  |
begusarai mai nikali gayi tiranga yatra begusarai mai nikali gayi tiranga yatra

बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की ओर से शहर में हाईवे पर 2 किलोमीटर तक पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई. भव्य इस तिरंगा यात्रा में प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव हाथों में राष्ट्रध्वज थामे शामिल हुए. लोगों के उत्साह से पूरा शहर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान हो उठा.

यह तिरंगा यात्रा शहर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क (टाउनशिप गेट) के समीप से शुरू होकर हाइवे पर करीब 2 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सुभाष चौक पहुंची जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वंदे मातरम के गायन से यात्रा का समापन किया गया. इस तिरंगा यात्रा में मंत्री के अलावे जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी विधायक स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे शामिल हुए.

तिरंगा यात्रा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि देश और राज्य में राष्ट्रीय स्वाभिमान का पर्व मनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर हर घर तिरंगा यात्रा का यह कार्यक्रम पूरे बिहार में आयोजित हो रहा है,जो17अगस्त तक लगातार जारी रहेगा. आज बेगूसराय जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस तिरंगा यात्रा में हम सभी सम्मिलित हुए हैं. प्रधानमंत्री और राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार पूरे देश के पैमाने पर पंचायत से लेकर प्रखंड,जिला से लेकर मंडल स्तर तक यह अभियान चलाया जा रहा है. इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से हमने उन तमाम वीर शहीदों को सलाम और नमन किया है,जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपनी कुर्बानियां दी थी. बहुत जद्दोजहद और कुर्बानियों के बाद हमारा देश आजाद हुआ था. आज हम इस यात्रा के जरिए आजादी के प्रति अपनी दीवानगी व्यक्त कर रहे हैं और अमर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं. करीब2किलोमीटर के इस पूरे यात्रा मार्ग में हर तरफ तिरंगे की अद्भुत छटा दिखाई दे रही थी. सुभाष चौक पर पहुंचकर प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव,जिला प्रशासन के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए. तिरंगा यात्रा को लेकर युवाओं और स्कूली बच्चों में खासा उत्साह और उमंग देखा गया. पूरी यात्रा के दौरान अनुशासित तरीके से लोग राष्ट्रध्वज लेकर आगे बढ़ते रहे. जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. प्रभारी मंत्री और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील किया है कि17अगस्त तक चलने वाले इस राष्ट्रीय अभियान के तहत सभी अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरी गरिमा और सम्मान के साथ तिरंगा जरूर फहराएं.