रांची: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के प्रथम सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन के बाद झारखंड बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बैठक के समापन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में पार्टी को मजबूत बनाने और संगठन के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण संदेश दिए हैं।

भानु प्रताप शाही ने कहा कि नितिन नवीन ने अपने संबोधन में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य की मौजूदा सरकार की कमियों को जनता के सामने उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को संकल्प लेकर सरकार की नीतियों और कार्यशैली के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करना चाहिए।

नक्सलवाद,अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही के मुताबिक,राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नक्सलवाद,एमएमडीआर,अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार को घेरने का प्रयास करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। संगठन के सभी कार्यकर्ता आने वाले समय में पूरी ताकत के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

झारखंड में संगठन विस्तार पर बीजेपी का जोर

भानु प्रताप शाही ने कहा कि पार्टी संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी और राज्य में अपने संगठन को और मजबूत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठनात्मक प्रयासों के जरिए भाजपा झारखंड में अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदेश के बाद प्रदेश भाजपा ने संगठन विस्तार,जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने और सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर जोर दिया है। आने वाले दिनों में इन मुद्दों पर पार्टी की गतिविधियां किस रूप में सामने आती हैं,इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।

रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट