Hindi News / राज्यभर में प्रशिक्षकों का तैयार किया जा रहा विशेष समूह, अधिकारी से पदाधिकारी...

BIHAR NEWS : राज्यभर में प्रशिक्षकों का तैयार किया जा रहा विशेष समूह, अधिकारी से पदाधिकारी तक को किया जाएगा प्रशिक्षित - मुख्य सचिव

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों के प्रशिक्षण के मामले में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली के सचिवालय प्रशिक्षण तथा प्रबंध संस्थान (आईएसटीएम) एक ख्याति प्राप्त संस्थान है. यहां प्रशिक्षित होने वाले सभी मास्टर ट्रेनर्स आने वाले समय में अपने ज्ञान को पूरे बिहार में फैलाएंगे और अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियमावली1969के साथ बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियमावली2005के नियमों से पदाधिकारियों को रूबरू कराएं.

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बिहार मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय की तरफ से आईएसटीएम में आयोजित इस छह दिवसीय प्रशिक्षण सत्र के उद्घाटन के अवसर पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इसे संबोधित कर रहे थे. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य रूप से प्रशिक्षकों के लिए आयोजित कार्यक्रम (टीओटी) है. इसके तहत राज्यभर में मास्टर ट्रेनर्स तैयार करने की योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है.

मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार में प्रशिक्षकों का एक विशेष समूह तैयार करने की दिशा में यह एक पायलट योजना है. यहां जो भी पदाधिकारी प्रशिक्षित हो रहे हैं, वह बिहार लौटने के बाद अपने प्रशिक्षण के ज्ञान को दूसरे पदाधिकारियों और कर्मचारियों को लाभान्वित करेंगे. प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र पर महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त दीपक कुमार सिंह (अपर मुख्य सचिव) ने जेएनयू में शिक्षा प्राप्त करने और इस दौरान आईएसटीएम आने- जाने के अपने पुराने अनुभवों से सभी पदाधिकारियों को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि मास्टर टेनर्स के लिए यह पहला पायलट प्रोजेक्ट है. आने वाले समय में दूसरे बैच को भी यहां पर प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा.

दीपक कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में जितनी भी अनुशासनिक कार्रवाइयां होती हैं, उनमें99फीसदी मामले प्रक्रियात्मक त्रुटि की वजह से न्यायालय से खारिज हो जाते हैं. उनका कहना है कि न्यायालय में योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि99फीसदी मामले तकनीकी आधार पर खारिज हो जाते हैं. इससे जहां सरकार की छवि खराब होने के साथ ही काफी आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ती है.

सिंह ने बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए आने वाले समय में बिहार राज्य में सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ लिपिकों तक के लिए वृहद स्तर पर प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रशासनिक पदाधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए आईएसटीएम देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान है, इसीलिए निदेशालय ने मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करने की दिशा में इसका चुनाव किया है.