JHARKHAND NEWS : रांची से 75 श्रद्धालुओं का जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना, नवीन जायसवाल ने सभी को दी शुभकामनाएं
Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन से 75 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुए. श्रद्धालुओं को विदा करने के लिए हटिया के विधायक नवीन जायसवाल भी रेलवे स्टेशन पहुंचे. जय भोलेनाथ और जय अमरनाथ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी यात्रा शुरू की.
रांची रेलवे स्टेशन सोमवार को भक्तिमय माहौल में तब्दील हो गया,जब 75 श्रद्धालुओं का एक दल अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ. स्टेशन परिसर बाबा भोलेनाथ और बाबा बर्फानी के जयकारों से गूंज उठा. हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की. श्रद्धालु रांची से गरीब रथ एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए. वहां से वंदे भारत ट्रेन के माध्यम से जम्मू-कश्मीर की ओर आगे बढ़ेंगे और पहलगाम मार्ग से पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे.
यह जत्था वर्ष 2023 से लगातार हर वर्ष अमरनाथ यात्रा पर रहे हैं. श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. सभी ने बाबा बर्फानी के दर्शन की कामना के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की भी प्रार्थना करने की बात कही. श्रद्धालुओं का कहना है कि अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का नहीं,बल्कि विश्वास,अनुशासन और आध्यात्मिक अनुभव का भी प्रतीक है. इसी उत्साह और श्रद्धा के साथ रांची से यह जत्था बाबा बर्फानी के दरबार के लिए रवाना हुए.





