65वीं सुब्रतो कप प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता : मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके ने अंडर-15 बालक वर्ग का खिताब जीतकर रचा इतिहास
रांची : 65वीं सुब्रतो कप कांके प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-15 बालक वर्ग में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में सेंट जोसेफ स्कूल को 3-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. पूरे टूर्नामेंट में विद्यालय की टीम ने अनुशासित खेल, उत्कृष्ट तालमेल और आक्रामक प्रदर्शन का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया.
फाइनल मुकाबले के समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें केजीबी,कांके की छात्राओं ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया. दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कांके प्रखंड की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BPO)मंजू बिलॉन्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहीं. उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी,पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके के प्राचार्य आनंद प्रकाश मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय की टीम आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं कांके प्रखंड का नाम रोशन करेगी. विद्यालय के वरीय शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. विद्यालय के शारीरिक शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, संघर्ष और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया. उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की अथक मेहनत, विद्यालय प्रशासन के सहयोग तथा शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन को दिया. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके की इस ऐतिहासिक जीत से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पूरे कांके क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण है. यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.





