पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है. बोर्ड ने परीक्षा फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की तिथि बढ़ा दी है. अब छूटे हुए विद्यार्थी 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विलंब शुल्क के साथ अपना परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे.
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा2027के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की विस्तारित अवधि निर्धारित कर दी गई है. इस दौरान विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों द्वारा ऑनलाइन भरे जाएंगे.
आज समाप्त हो रही थी आवेदन की तिथि
बोर्ड की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा2027के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की निर्धारित तिथि15अक्टूबर को समाप्त हो रही थी. इसके बाद बोर्ड ने छूटे हुए विद्यार्थियों को राहत देते हुए आवेदन की अवधि31अक्टूबर तक बढ़ा दी है. हालांकि, विस्तारित अवधि में परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित विलंब शुल्क का भुगतान करना होगा.
इंटर और मैट्रिक के लिए अलग-अलग वेबसाइट
बिहार बोर्ड ने दोनों परीक्षाओं के लिए अलग-अलग ऑनलाइन पोर्टल निर्धारित किए हैं. इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा2027का परीक्षा फॉर्म भरने के लिएintermediate.biharboardonline.com वेबसाइट निर्धारित की गई है. वहीं, मैट्रिक वार्षिक परीक्षा2027का फॉर्मexam.biharboardonline.org पर भरा जाएगा.
बोर्ड ने छूटे हुए विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से संपर्क कर निर्धारित अवधि के भीतर परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि वार्षिक परीक्षा में शामिल होने से संबंधित औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सके.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
