Hindi News / बिहार में स्कूलों के समय में बदलाव, 30 जून तक सुबह 6:30 बजे...

BIG NEWS : बिहार में स्कूलों के समय में बदलाव, 30 जून तक सुबह 6:30 बजे से संचालित होंगे सभी विद्यालय

Edited By:  |
big news big news

पटना: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया है. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 22 जून 2026 से 30 जून 2026 तक राज्य के सभी प्राथमिक,माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे.

शिक्षा विभाग ने यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है. आदेश में कहा गया है कि प्रार्थना सभा और अन्य प्रारंभिक गतिविधियां सुबह 6:30 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित की जाएगी. इसके बाद नियमित कक्षाओं का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा. प्रत्येक पीरियड 40 मिनट का होगा और कुल सात घंटियों के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी.

नई व्यवस्था के तहत प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) सुबह 9:00 बजे से 9:40 बजे के बीच कराया जाएगा. वहीं छात्रों की छुट्टी दोपहर 12:20 बजे कर दी जाएगी. इसके बाद 12:20 बजे से 12:30 बजे तक प्रधानाध्यापक और शिक्षक दिनभर की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा अगले दिन के लिए दिए गए गृहकार्य और अन्य कार्यों की जांच-पड़ताल करेंगे.

विभाग ने सभी जिलाधिकारियों,जिला शिक्षा पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए. शिक्षा विभाग का मानना है कि सुबह के समय विद्यालय संचालन से छात्रों को भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से बचाया जा सकेगा तथा पढ़ाई भी सुचारु रूप से जारी रहेगी.

यह आदेश फिलहाल 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा,जिसके बाद मौसम की स्थिति की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--