BIG NEWS : पटना में PMCH के सामने मरीन ड्राइव पर इनोवा क्रिस्टा में लगी आग, चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस जांच में जुटी
पटना:राजधानी पटना में पीएमसीएच के सामने मरीन ड्राइव पर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई,जब सड़क पर चल रही एक इनोवा क्रिस्टा कार अचानक आग की चपेट में आ गई. देखते ही देखते कार से आग की तेज लपटें उठने लगी. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात भी प्रभावित हुआ.
बताया जा रहा है कि कार में आग लगने के बाद चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया. आग की वजह से वाहन का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना के बाद पुलिस ने कार के चालक और मालिक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन किसके नाम पर है और घटना के समय इसे कौन चला रहा था.
आग लगने के कारणों का तत्काल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है,हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी.
पीएमसीएच के सामने व्यस्त सड़क पर कार में आग लगने की घटना से कुछ देर के लिए लोगों में दहशत का माहौल रहा. दमकल की टीम के पहुंचने और आग बुझाए जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई. पुलिस वाहन को हटाने और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी रही.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





