BIG NEWS : नालंदा में युवती के अपहरण और 50 हजार में सौदे का खुलासा, महिला दलाल समेत गिरोह के आरोपी पुलिस गिरफ्त में आए
नालंदा: बिहार के नालंदा में मानव तस्करी से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार,18 वर्षीय युवती को रामचंद्रपुर बस स्टैंड से बहला-फुसलाकर अगवा किया गया था. इसके बाद उसे 50 हजार रुपये में इस्लामपुर थाना क्षेत्र के एक अधेड़ व्यक्ति को सौंपे जाने का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक,युवती को खरीदने वाले व्यक्ति ने उससे जबरन शादी कर ली और उसे कमरे में बंद रखता था. युवती ने किसी तरह वहां से निकलकर अपने परिवार को इसकी जानकारी दी. परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बरामद कर लिया.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कथित मानव तस्करी गिरोह से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें महिला दलाल उषा देवी समेत अन्य आरोपी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार,पूछताछ में 50 हजार रुपये की रकम के बंटवारे की बात भी सामने आई है.
बताया गया है कि युवती 4 अगस्त को अपनी मां के साथ इलाज के लिए आई थी. बस स्टैंड से उसके लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी.
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कितने लोग जुड़े हैं. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





