पटना : बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतदान जारी है. चुनाव में कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं. इनमें स्नातक कोटे की चार सीटों के लिए 90 और शिक्षक कोटे की सीटों के लिए 60 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. मतदान शाम चार बजे तक निर्धारित है.
चुनाव के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से मतदान,सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी खबरें सामने आ रही है. इसी बीच पटना के जक्कनपुर इलाके से जदयू से निष्कासित छोटू सिंह को एसटीएफ ने हिरासत में लिया है. रिपोर्ट के अनुसार,एसटीएफ और सेल की टीम ने करबिगहिया के पास उन्हें हिरासत में लिया. हालांकि,इस कार्रवाई के विस्तृत कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है.
मोकामा में समर्थकों के बीच झड़प
मोकामा में मतदान शुरू होने के साथ ही जदयू और जन सुराज समर्थकों के बीच बहस और झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक,अनंत सिंह के समर्थक राजेश सिंह और नीरज कुमार के समर्थक राहुल रंजन के बीच विवाद हुआ. सूचना मिलने पर डीएसपी मौके पर पहुंचे. तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया.
सारण में आफाक अहमद पर प्राथमिकी
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी आफाक अहमद के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह कार्रवाई पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर प्रकाशित एक पोस्ट को लेकर हुई. पोस्ट में शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने और आफाक अहमद को भारी मतों से जिताने की अपील की गई थी.
5.32 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें 3,86,199 पुरुष,1,46,611 महिलाएं और 37 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
