छपरा : बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी आफाक अहमद के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. यह कार्रवाई जन सुराज पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर प्रकाशित एक पोस्ट को लेकर की गई है. पोस्ट में शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने और आफाक अहमद को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की गई थी.


कार्यपालक दंडाधिकारी ने दर्ज कराई प्राथमिकी


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026के तहत03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में यह मामला सामने आया है. सदर छपरा के कार्यपालक दंडाधिकारी रविकान्त सिंह ने22अक्टूबर की देर रात छपरा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए नगर थानाध्यक्ष से सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया.


चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट को लेकर हुई इस कार्रवाई से प्रत्याशियों के प्रचार अभियान और चुनावी गतिविधियों में आचार संहिता के पालन का मुद्दा चर्चा में आ गया है. हालांकि, प्राथमिकी दर्ज होने से आरोप साबित नहीं होते. मामले में आगे की कार्रवाई जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी.


सारण शिक्षक सीट पर 18 प्रत्याशी मैदान में


सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार कुल18प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. आफाक अहमद पिछले चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज कर चुके हैं. एनडीए की ओर से पूर्व विधान पार्षद दिवंगत केदारनाथ पांडे के पुत्र आनंद पुष्कर चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने प्रो. जयराम यादव को उम्मीदवार बनाया है. निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.


शुक्रवार, 23 अक्टूबर को बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर मतदान हो रहा है. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल10,748 पंजीकृत शिक्षक मतदाता हैं. चुनाव के दौरान सामने आई इस प्राथमिकी के बाद अब मामले की जांच और मतदान प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-