भागलपुर के ‘धरती पकड़’ नागरमल बाजोरिया का निधन : 96 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस,280 चुनाव लड़कर बनाई पहचान
भागलपुर:जिलेके चर्चित ‘धरती पकड़’ नागरमल बाजोरिया का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने को राजधानी पटना में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भागलपुर के सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
नागरमल बाजोरिया चुनावी राजनीति में अपनी अनूठी पहचान के लिए जाने जाते थे। पंचायत चुनाव से लेकर राष्ट्रपति पद तक उन्होंने करीब 280 चुनावों में अपनी किस्मत आजमाई। चुनाव लड़ना उनके लिए केवल जीत-हार का विषय नहीं था, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का माध्यम था।
उन्होंने कई बड़े नेताओं के खिलाफ भी चुनावी मैदान में ताल ठोकी थी। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ना भी शामिल रहा। लगातार चुनाव लड़ने और कभी हार से निराश नहीं होने की वजह से उन्हें ‘धरती पकड़’ के नाम से प्रसिद्धि मिली।
नागरमल बाजोरिया का समाजसेवा से भी गहरा जुड़ाव रहा। उम्र के अंतिम पड़ाव में वे वृद्धावस्था संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। पटना में निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को भागलपुर लाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बरारी स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से भागलपुर ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया, जिसने चुनावी राजनीति में अपनी अलग पहचान कायम की।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





