BIG BREAKING : रौशन आनंद-खान सर विवाद में कोर्ट की सख्ती, भाई और स्टाफ को नहीं मिली जमानत, 25 जून अहम तारीख
Patna: पटना के मुसल्लहपुर हाट कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई एवं स्टाफ को फिलहाल राहत नहीं मिली है. सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में दाखिल जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद लोअर कोर्ट रिकॉर्ड (LCR)तलब कर लिया. रिकॉर्ड आने के बाद अगली तारीख पर मामले में फिर से सुनवाई होगी. इससे पहले प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत दोनों आरोपितों की जमानत याचिका खारिज कर चुकी है.
मामले में रौशन आनंद के भाई अभिषेक और गौरव की ओर से जमानत की मांग की गई थी,लेकिन अदालत ने तत्काल कोई राहत देने से इनकार कर दिया. अब लोअर कोर्ट का पूरा रिकॉर्ड देखने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा.
दूसरी ओर,खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े चर्चित फायरिंग मामले में फैजल खान उर्फ खान सर और उनके दो सुरक्षा कर्मियों की जमानत याचिका पर 25 जून को सुनवाई होगी. अदालत ने तब तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक बरकरार रखी है. पिछली सुनवाई में पुलिस ने मामले की अद्यतन केस डायरी अदालत में प्रस्तुत की थी.
गौरतलब है कि 2 जून की रात मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद के दौरान हंगामा,मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी. इस मामले में रौशन आनंद,उनके भाई और स्टाफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. घटना में खान ग्लोबल के गार्ड चुनचुन यादव घायल हुए थे,जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा फायरिंग किए जाने का आरोप लगा.
इसी बीच रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है. रौशन आनंद ने खान सर और एक कोल्ड स्टोरेज संचालक पर अपने भाई की हत्या कराने का आरोप लगाया है,जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है. 25 जून की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





