तेजस्वी का 'मिशन झारखंड' : बिहार चुनाव का इशारा करते हुए एनडीए पर जोरदार हमला, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
रांची: आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव एक दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे. कार्निवाल हॉल में आयोजित अभिनंदन समारोह में शिरकत की. तेजस्वी यादव राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार झारखंड पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने सभा को संबोधित किया. मंच से एनडीए सरकार पर कड़ा प्रहार किया.
तेजस्वी यादव ने झारखंड की धरती से बिहार के एनडीए सरकारपर जोरदार हमला बोला. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हर तरह से बेमानी की गई फिर भी राष्ट्रीय जनता दल को एक करोड़ 90 लाख वोट मिले जो पिछले विधानसभा से 20 लाख ज्यादा वोट राजद को प्राप्त हुआ. तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि लोग उनकी पार्टी को तोड़ना चाहते हैं लेकिन पार्टी अपनी विचारधारा के साथ चल रही है. कोई माई का लाल नहीं तोड़ सकता.
तेजस्वी ने महिला रोजगार योजना को लेकर भी सवाल उठाए. 10 हजार देकर महिला वोटरों को रिझाने की कोशिश की गई.फिर भी राष्ट्रीय जनता दल को पिछले चुनाव से 20 लाख वोट ज्यादा मिले. आगे कहा कि कई लोग आए गए फिर भी पार्टी मजबूती के सात खड़ी है. बिहार चुनाव का इशारा करते हुए कहा कि समय कमजोर हो सकती है लेकिन पार्टी नहीं.
इस मौके पर तेजस्वी ने झारखंडके पार्टी कार्यकर्ताओं में खूब जोश भरा और नेताओं को पार्टी मजबूत करने का आह्वान किया. कहा कि सभी मिलकर पार्टी को बूथ स्तर मजबूत करें तभी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने पर सक्षम होगी. उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में आरजेडी को 7 से ज्यादा सीट मिलती तो झारखंड में उनके और ज्यादा विधायक होते. उन्होंने कहा कि पार्टी को यहां और मजबूत करना है.
वहीं, अभिनंदन समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा तेजस्वी यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और सभा में तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे लगाए गए. कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव, झारखंड के पार्टी प्रभारी जयप्रकाश यादव, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव विधायक सुरेश पासवान समेत पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया.





