रांची : IIM में मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस,मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रकाश
रांची:आईआईएम में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया. स्वस्थ्य आयु के लिए योग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर छात्रों, प्राध्यापकों और संस्थान के अन्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही. इस दौरान शारीरिक, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया.
योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक सरला बिड़ला यूनिवर्सिटी के सहायक प्राध्यापक डॉ. विश्वजीत वर्मा और रांची यूनिवर्सिटी के छात्र प्रदीप कुमार ने किया. सत्र के प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया. प्रशिक्षकों ने प्रत्येक आसन से जुड़े स्वास्थ्य लाभों और लचीलेपन ताकत और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका पर चर्चा हुई.
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव सत्र के साथ की गई थी.इसके बाद कैंपस में एक विशेष योग सत्र का आयोजन हुआ. कार्यक्रम के दौरान विवेकानंद केंद्र के नगर संपर्क प्रमुख डॉ.अंजेश कुमार ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर योग के सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी.उन्होंने बताया कि कैसे योग का नियमित अभ्यास अनुशासन, एकाग्रता और समग्र स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद करता है.
आईआईएम के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने सभी को संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली के लिए अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने सत्र को सफलतापूर्वक आयोजित करने में प्रशिक्षकों और अतिथियों के प्रयासों की सराहना की और उनके बहुमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया. इस अवसर पर प्रो.ज्योति वर्मा, चेयरपर्सन स्टूडेंट इंगेजमेंट एंड डेवलपमेंट कमेटी, विवेकानंद केंद्र रांची के सह नगर प्रमुख दिव्यांशु पांडे और नगर साहित्य प्रमुख प्रशांत कुमार शांडिल्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे.





