छपरा के प्रशांत शेखर बने SDM : 70वीं बीपीएससी में 26वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया मान
छपरा: 70वीं बीपीएससी परीक्षा में राज्यभर से कई छात्र-छात्राओं ने पूरे बिहार का मान बढ़ाया है. इसी कड़ी मेंजिले के इनई गांव निवासी शैलेन्द्र सिंह के बेटे प्रशांत शेखर ने 26वीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम पद के लिए चयनित किए गए. प्रशांत शेखर ने अपनी सफलता सेअपने परिवार एवं पूरे जिले का नाम रोशन किया है. उनकी इस शानदार उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
प्रशांत शेखर ने वर्ष 2015 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद लगभग तीन वर्षों तक नौकरी की. हालांकि. प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना उनके मन में हमेशा जीवित रहा। इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर यूपीएससी और बीपीएससी की तैयारी शुरू की. इस दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। यूपीएससी में पांच बार असफल होने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने प्रयासों को लगातार जारी रखा.
उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम इस बार 70वीं बीपीएससी परीक्षा में देखने को मिला, जहां उन्होंने 26वीं रैंक हासिल कर एसडीएम बनने का गौरव प्राप्त किया. प्रशांत की सफलता से उनके परिवार में उत्सव का माहौल है. उनकी मां मंजू देवी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनका बेटा हमेशा मेहनत और ईमानदारी के रास्ते पर चला और कभी संघर्षों से पीछे नहीं हटा। बेटे की सफलता पर उनकी आंखें खुशी के आंसुओं से भर गई.
प्रशांत शेखर ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में आने का उनका उद्देश्य समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है. उनकी इस उपलब्धि ने जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है.





