रांची क्लब में तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत एक्सपो का आयोजन किया गया है जहां दूसरे दिन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी एक्सपो में शामिल हुईं। उन्होंने एक्सपो में लगे विभिन्न स्टॉल का भ्रमण किया और वहां मौजूद योजनाओं, तकनीक और उत्पादों की जानकारी ली।अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पिछले करीब 12 से 13 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिसकी जानकारी इस एक्सपो के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही है।उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए यह एक्सपो खास तौर पर उपयोगी है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी यहां आकर नई तकनीक, स्पेस टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने रांची में इस तरह के एक्सपो के आयोजन के लिए सांसद और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक्सपो में किसानों के लिए भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं, जिसमें फसल उत्पादन से लेकर अपने उत्पादों को दूसरे देशों में एक्सपोर्ट करने तक की जानकारी शामिल है।वहीं, महिला आयोग की ओर से लगाए गए स्टॉल में महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है।अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि कुल मिलाकर यह एक्सपो महिलाओं, किसानों और बच्चों समेत हर वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी है और उन्हें भविष्य के अवसरों और योजनाओं की जानकारी देगी।