पटना : फतुहा में बच्चे के मजाकिया चेहरा बनाने पर विवाद,2 पक्षों में जमकर पथराव, 10 घायल
पटना:फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में शनिवार देर रात मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद एक बच्चे के दूसरे पक्ष के एक सदस्य की ओर मजाकिया चेहरा बनाने से शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, बच्चे ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की ओर मुंह टेढ़ा करके मजाकिया अंदाज में चेहरा बनाया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव की घटना में दोनों पक्षों के करीब 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर फतुहा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।
फतुहा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि विवाद की शुरुआत बच्चे के मजाकिया चेहरा बनाने को लेकर हुई थी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।
पुलिस के मुताबिक,घटना को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की मामूली शरारत को लेकर बड़ों के बीच इस तरह विवाद और पथराव होना चिंताजनक है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।





