JHARKHAND NEWS : बदलेगा नज़रिया! सीएम हेमंत बोले- सिर्फ 'माइंस' नहीं, 'माइंड्स' के लिए जाना जाए झारखंड
नई दिल्ली का प्रतिष्ठित होटल ताज गवाह बना एक बड़े बदलाव का, जहाँ झारखंड के भविष्य की नई इबारत लिखी जा रही है। राजधानी दिल्ली में दो दिवसीय 'नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन' का शानदार आगाज हुआ। कार्यक्रम के पहले ही दिन आईटी, एआई, डिजिटल गवर्नेंस और फ्यूचर टेक्नोलॉजी पर देश-दुनिया के दिग्गजों ने महामंथन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें झारखंड में निवेश का खुला न्यौता दिया।उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक नया विजन देश के सामने रखा। उन्होंने साफ कहा कि झारखंड अब सिर्फ खनिज संपदा यानी माइंस के भरोसे नहीं बैठेगा। मुख्यमंत्री के इस बयान ने सबका ध्यान खींचा।"झारखंड की पहचान केवल माइंस से नहीं, बल्कि माइंड्स से होगी। केवल रिसोर्स से नहीं बल्कि रिसर्च से, केवल एक्सट्रैक्शन से नहीं बल्कि इनोवेशन से और केवल ग्रोथ से नहीं बल्कि समावेशी एवं व्यापक विकास से होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि कैसे पहली बार दावोस के वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में झारखंड के निवेश रोडमैप को वैश्विक मंच पर सराहा गया था। और अब, राज्य डेटा सेंटर, आईटी और एआई के दम पर आम जनता के जीवन को बदलने के लिए तैयार है।इस महामंथन में टेक जगत के दिग्गजों ने शिरकत की। माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और आईबीएम जैसी अग्रणी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने झारखंड में डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए अपने विचार साझा किए। आईबीएम के तल्लीन कुमार, माइक्रोसॉफ्ट के संदीप अरोड़ा और गूगल के राजेश रंजन ने विशेष प्रेजेंटेशन के जरिए दिखाया कि झारखंड में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के क्षेत्र में कितनी असीम संभावनाएं छिपी हैं।





