Hindi News / अब पुलिस बल की मौजूदगी में उठाया जाएगा कूड़ा, पटना नगर निगम का...

BIHAR NEWS : अब पुलिस बल की मौजूदगी में उठाया जाएगा कूड़ा, पटना नगर निगम का बड़ा एक्शन

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बिहार में निगम कर्मियों की हड़ताल के बीच पटना नगर निगम ने हड़ताली कर्मियों से निपटने और पटना की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं.

पटना नगर निगम के कमिश्नर यशपाल मीणा ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि अब पटना में पुलिस की मदद से कूड़ा का उठाव किया जाएगा.

पटना नगर निगम के सफाई कर्मी और चालक हड़ताल पर चल रहे हैं. इसके साथ ही इसकी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सफाई करवाने का हड़ताली कर्मी विरोध कर रहे हैं. हड़ताली कर्मियों द्वारा नगर निगम की गाड़ियों का टायर पंचर किया जा रहा है और कूड़ा उठाने पर मारपीट की धमकी दी जा रही है.

इसके तहत अब पटना नगर निगम की ओर से पटना पुलिस की मौजूदगी में कूड़े का उठाव किया जाएगा.

कमिश्नर यशपाल मीणा ने बताया कि पुलिस विभाग की ओर से100पुलिसकर्मी पटना नगर निगम को उपलब्ध कराए गए हैं. कल यानी रविवार से100पुलिसकर्मियों की मदद से सुबह दोपहर और शाम में निर्धारित समय पर पटना नगर निगम के अलग-अलग इलाकों से कूड़े का उठाव किया जाएगा.

कमिश्नर ने साफ किया है कि हड़ताली कर्मियों की मांग पटना नगर निगम का विषय नहीं है. यह विभागीय मामला है. इसलिए इसके लिए कहीं से भी पटना नगर निगम जिम्मेदार नहीं है.

कमिश्नर ने बताया कि मैनपावर और चालकों की आपूर्ति करने वाली एजेंसियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई है.

इसके तहत एजेंसी को नोटिस जारी कर दिया गया है.

एकरारनामा के तहत हड़ताल की स्थिति में एजेंसियों को कर्मियों और चालकों का वैकल्पिक व्यवस्था करना है. ऐसा नहीं करने पर एजेंसियों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया है.

इस जुर्माने की राशि से निगम क्षेत्र में कूड़े का उठाव बाहर के मजदूरों से कराया जाएगा. जुर्माने की राशि से ही बाहरी मजदूरों को मेहनताने का भुगतान किया जाएगा.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट-