BIHAR NEWS : सीएम सम्राट ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं ग्रामीण कार्य विभाग की लंबित योजनाओं की समीक्षा की
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित'संकल्प'सभागार में प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना तथा ग्रामीण कार्य विभाग की लंबित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी.
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्माणाधीन एवं लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क विकास का महत्वपूर्ण आधार है इसलिए सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए,ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके.
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण कार्य विभाग की लंबित योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की प्रशासनिक अथवा तकनीकी बाधाएं हैं,उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने,कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए.
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह,ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह,मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





