जमशेदपुर:उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एक कार्यक्रम में शामिल होने जमशेदपुर पहुंचे. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला. अजय कुमार लल्लू ने कहा कि देश में नफरत और हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है. लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी और आरएसएस उस विरासत को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, जिस शहादत और संघर्ष के बल पर देश आजाद हुआ था. उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में जल्द चुनाव होने वाले हैं. इस बीच पेपर लीक का मुद्दा पूरे देश में छाया हुआ है,जो बेहद गंभीर और चिंता का विषय है. इन्हीं मुद्दों को लेकर राहुल गांधी पूरे देश में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम चला रहे हैं,जिसे छात्रों का अच्छा समर्थन मिल रहा है.
अजय कुमार लल्लूने कहा कि छात्र और किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और परेशान हैं. उन्होंने मंदिरों से चंदा चोरी के आरोप भी लगाए और कहा कि बीजेपी धर्म के नाम पर हिंदुओं को बरगलाने का काम कर रही है. जो सफल नहीं होगा. बता दें कि अजय कुमार लल्लू बिष्टुपुर में आयोजित साझी शहादत साझी विरासत कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.

