हीट वेव को लेकर PHED अलर्ट मोड में : हर हाल में शुद्ध एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी
पटना: राज्य में बढ़ती गर्मी एवं संभावित लू (हीट वेव) की स्थिति को देखते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED)पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है. विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि लू के दौरान आमजन को निर्बाध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. इसके लिए सभी जलापूर्ति योजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है.
विभाग द्वारा पाइपलाइन लीकेज की त्वरित मरम्मत,खराब हैंडपंपों को अविलंब दुरुस्त कराने,जल स्रोतों की नियमित जांच तथा जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. आपात स्थितियों से निपटने हेतु कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है. साथ हीCGRC (केंद्रीकृत शिकायत निवारण केंद्र) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है.
सचिव ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक15दिनों पर पंचायत स्तर पर भू-जल स्तर की नियमित जांच कर उसका प्रतिवेदन मुख्यालय को अनिवार्य रूप से भेजा जाए. जिन क्षेत्रों में भू-जल स्तर में गिरावट पाई जाती है,वहां तत्काल वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
सभी अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्थिति का आकलन करने तथा जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. अधीक्षण अभियंताओं को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने को कहा गया है.
कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लू की स्थिति में राज्य के प्रत्येक नागरिक को शुद्ध,सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता हर हाल में बनी रहे.





