अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस 2026 : पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, दानापुर द्वारा श्रमिक दिवस पर सम्मान समारोह, 70 रेलकर्मी एवं संविदाकर्मी सम्मानित
पटना : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, दानापुर द्वारा शक्रवार को ‘सृजन’ प्रेक्षागृह, रेलवे स्कूल, खगौल में एक भव्य श्रमिक/कर्मचारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार एवं महिला कल्याण संगठन,दानापुर की अध्यक्षा निशी देव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.
इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्षा निशी देव ने कहा कि श्रमिक दिवस हम सभी को मेहनत और समर्पण के महत्व की याद दिलाता है. उन्होंने कहा कि रेलवे के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर लाखों यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि जब लोग आराम से यात्रा करते हैं,तब रेलवे के कर्मचारी—चाहे वे ट्रैक पर कार्यरत हों,स्टेशन पर तैनात हों,वर्कशॉप में काम कर रहे हों या ट्रेन संचालन में लगे हों—हर परिस्थिति में निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं.
उन्होंने कहा कि आँधी,तूफान,भीषण गर्मी,कड़ाके की ठंड या बारिश—किसी भी परिस्थिति में भारतीय रेल का पहिया नहीं रुकता,और इसका पूरा श्रेय रेलकर्मियों की मेहनत और समर्पण को जाता है. भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है,जो कर्मचारियों की निष्ठा और लगन पर आधारित है.
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 70 रेलकर्मियों एवं संविदा कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. यह सम्मान उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक है.
कार्यक्रम के दौरान मंडल सांस्कृतिक संघ,दानापुर द्वारा ‘मजदूर’ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति भी दी गई,जिसने सभी उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया.
इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की डॉ. श्रेया झा,डॉ. अपराजिता सिन्हा,स्वाति सहित अन्य सदस्याएँ एवं मंडल के कई अधिकारी उपस्थित रहे.





