गोपालगंज में स्मैक गिरोह का भंडाफोड़ : पुलिस ने 149.7 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ 7 तस्करों को दबोचा
गोपालगंज:बड़ी खबर गोपालगंज से है जहां पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सक्रिय स्मैक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई में भारी मात्रा में स्मैक,बाइक और मोबाइल भी बरामद किए गए हैं.
बताया जा रहा है कि हथुआ अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले भोरे थाना क्षेत्र में पुलिस को लगातार यह सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग संगठित तरीके से स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए भोरे थानाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम में तीन थानों की पुलिस को शामिल किया गया ताकि एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा सके. पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल 7 लोगों को पकड़ा है. तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 149.7 ग्राम स्मैक,मोटरसाइकिल और 8 मोबाइल बरामद किए गए. बरामदगी के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पूरे मामले की जानकारी देते हुए आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर पिछले दो से तीन महीनों से एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे. ये लोग पड़ोसी जिला सिवान के गुठनी इलाके से स्मैक लाकर भोरे और आसपास के इलाकों में इसकी बिक्री कर रहे थे. एसडीपीओ ने आगे बताया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना सिवान के गुठनी का निवासी है,जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों में से दो सिवान जिले के पचरुखी क्षेत्र के नौतन थाना के निवासी हैं,एक गुठनी का है,जबकि बाकी सभी आरोपी भोरे थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं,जबकि अन्य के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है. हालांकि इस छापेमारी में किसी प्रकार का हथियार बरामद नहीं हुआ है. केवल स्मैक,नकद राशि,बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के तार अन्य क्षेत्रों से भी जुड़े हो सकते हैं,जिसकी गहन जांच की जा रही है.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-





