BIHAR NEWS : ग्रामीण सड़कों पर बड़ा बदलाव, क्यों लगाए जा रहे हैं रम्बल स्ट्रीप और ज़ेबरा क्रॉसिंग?
पटना : ग्रामीण सड़कों को विकसित करने के साथ ही अब सरकार का फोकस सड़क सुरक्षा पर भी है. सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों को अंकित कर इनका पालन करने के लिए लोगों को समुचित जानकारी भी दी जाएगी. सड़क पर आमजनों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए ग्रामीण कार्य विभाग ने ठोस कदम उठाया है.
गांव की सड़कों पर ट्रैफिक नियम!
सड़क सुरक्षा के मानकों को दुरुस्त करने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत पूर्ण निर्मित और निर्माणाधीन सभी ग्रामीण सड़कों एवं पुलों के जंक्शन और सड़क किनारे या इससे सटे मौजूद सभी स्कूल,अस्पताल,बाजार और बैंक समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के समीप रम्बल स्ट्रीप या जेबरा क्रॉसिंग के साथ साइन बोर्ड भी स्थापित किये जा रहे हैं.
विभाग के अभियंता प्रमुख सह-अपर आयुक्त-सह विशेष सचिव ने विभाग के सभी 108 प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि पूर्व में निर्मित व निर्माणाधीन सभी ग्रामीण सड़कों और पुलों के जंक्शन व आरेखन पर पड़ने वाले सभी स्कूलों,अस्पतालों,बाजारों,बैंकों समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के समीप रम्बल स्ट्रीप या ज़ेबरा क्रासिंग के साथ साइन बोर्ड स्थापित किये जाएं. पत्र में इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई है.
सुरक्षित होंगी ग्रामीण सड़कें
बता दें कि परिवहन के संदर्भ में जंक्शन एक ऐसा स्थान होता है,जहां यातायात विभिन्न मार्गों,दिशाओं या यात्रा के तरीकों में बदलाव होते हैं. विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रम्बल स्ट्रीप या ज़ेबरा क्रासिंग के निर्माण के लिए राज्यभर में कुल 20 हजार 691 स्थानों को चिन्हित किए गए हैं। इनमें कुल 8 हजार 444 स्थानों पर जेबरा क्रॉसिंग या रम्बल स्ट्रीप का निर्माण किया जा चुका है. जबकि शेष 12 हजार 472 स्थानों पर इनका निर्माण किया जाना है.
क्या होता है रम्बल स्ट्रीप व जेबरा क्रासिंग
सड़क की सतह पर बने खांचे या उभरे हुए पैटर्न बनाए जाते हैं, जो वाहन के पहियों के गुजरने पर कंपन और गड़गड़ाहट की आवाज़ पैदा करते हैं. यह मुख्य रूप से हाईवे के किनारे या बीच में नींद या लापरवाही से लेन बदलने वाले चालकों को सचेत करने और उसके वाहन की गति को धीमी करने के लिए लगाए जाते हैं. ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके. ज़ेबरा क्रॉसिंग सड़कों पर पैदल यात्रियों के लिए चिह्नित एक सुरक्षित रास्ता है, जो सफेद और काली धारियों से बना होता है. यह पैदल चलने वालों को सड़क पार करने की प्राथमिकता देता है. जहां वाहन चालकों को रुकना अनिवार्य होता है. यह दुर्घटनाओं को कम करने और पैदल सुरक्षा बढ़ाने में मदद करता है.





