BIHAR NEWS : जो कहा, वो किया—नीतीश सरकार ने चीनी मिलों के स्थापना को लेकर तैयारी की तेज

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना :राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरुद्धार की प्रक्रिया को गति देते हुए गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने 14 जिलों के जिलाधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर भूमि चयन कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है.ताकि चीनी मिल लगाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

जो वादा किया,उसे निभाया

विदित हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार गठन होने के बाद राज्य सरकार बिहार के बंद पड़ी चीनी मिलों का पुनरूद्धार कराने के साथ ही 25 नई चीनी मिलों को स्थापित कराने की तैयारी में जुट गया है.इसको लेकर गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव कुमार ने राज्य के 14 जिलाधिकारियों के पास पत्र भेजा है,जिसमें उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा सात निश्चय-3 के तहत‘समृद्ध उद्योग - सशक्त बिहार’के लिए बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू कराने के साथ ही नई चीनी मिलों की स्थापना कराने का निर्णय लिया गया है.इससे संबंधित नीति निर्धारण और कार्य योजना के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति के गठन की स्वीकृति दी गई है.

सरकार ने मांगी 100 एकड़ ज़मीन की रिपोर्ट

अपर मुख्य सचिव कुमार ने जिला पदाधिकारियों से कहा है कि संबंधित जिलों में नई चीनी मिलों की स्थापना और पुराने चीनी मिल के जीर्णोद्धार के लिए भूमि का चयन कर प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराया जाए.उन्होंने कहा है कि चीनी मिल के लिए लगभग 100 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी.इसके लिए निजी और सरकारी जमीन की उपलब्धता की समीक्षा की जाए.चीनी मिल के आसपास 30 से 40 हजार एकड़ गन्ना की खेती की आवश्यकता होगी.इसके लिए चिह्नित स्थल के निकटवर्ती क्षेत्र में गन्ना की खेती एवं सिंचाई के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की जाए. चीनी मिल के लिए स्थल के चयन में पुराने और बंद चीनी मिल को भी देखा जा सकता है. चीनी मिल स्थल और गन्ना की खेती पर विचार करने के लिए विशेष कृषि टास्क फोर्स गठित किया जाए.

एसीएस ने 14 डीएम को भेजा पत्र

अपर मुख्य सचिव ने नई चीनी मिलों को लगाने और बंद पड़ी चीनी मिलों का जीर्णोद्धार कराने के लिए राज्य के 14 जिलाधिकारियों के पास पत्र भेजा है, जिसमें पटना, नवादा, वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, बेतियां, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गयाजी, शिवहर, रोहतास और पूर्णिया जिला शामिल है.