Hindi News / जमुई में मासूम की हत्या पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने जताया गहरा दुख,...

BIHAR NEWS : जमुई में मासूम की हत्या पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने जताया गहरा दुख, पीड़ित परिवार से मिलकर दिया न्याय का भरोसा

Edited By:  |
bihar news bihar news

जमुई: जिले के नीमारंग में सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या की घटना से पूरा क्षेत्र मर्माहत है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री श्रेयसी सिंह ने गुरुवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.

मंत्री ने घटना पर गहरा दुख एवं संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और मानवता को झकझोर देने वाली है. इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है.

उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए. हमारी प्राथमिकता है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिले और अपराधियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिले.

मंत्री श्रेयसी सिंह ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मासूम बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट-