BIHAR NEWS : प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर में मिले 24485 आवेदन, 88640 प्रतिभागियों ने लिया भाग
पटना:ग्राम पंचायत और नगर निकाय क्षेत्र में लगने वाले सहयोग शिविर के तर्ज पर बिहार के 534 प्रखंडों में भी प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से 16 से 18 जून के बीच आयोजित इस शिविर के पहले दिन यानी मंगलवार को राज्य भर में 24485 आवेदन प्राप्त हुए. साथ ही 88640 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया.
पहले दिन इस जन-कल्याण शिविर में सबसे अधिक आवेदन कहीं प्राप्त हुआ तो वह मधेपुरा का घैलाढ़ प्रखंड है. यहां एक ही दिन में कुल 1079 आवेदन प्राप्त हुए हैं और 186 प्रतिभागी शिविर में शामिल हुए. दूसरे स्थान पर 489 आवेदन और 700 प्रतिभागियों की उपस्थिति के साथ खगड़िया का सदर ब्लॉक,तीसरे स्थान पर 399 आवेदन के साथ समस्तीपुर का उजियारपुर,चौथे स्थान पर 272 आवेदनों के साथ पश्चिम चंपारण का लौरिया और पांचवे स्थान पर 237 आवेदन और 1061 प्रतिभागियों की उपस्थिति के साथ गया के वाजिरगंज का नाम शामिल है. अगर आंकड़ों पर गौर करें तो शिविर के पहले दिन तीन अंकों में आवेदन प्राप्त करने वाले राज्य भर में कुल 47 प्रखंड सामने आए हैं. प्राप्त इन सभी आवेदनों पर तत्परता के साथ सुनवाई की प्रक्रिया जारी है.
हाल ही में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में राज्य के सभी 534 प्रखंडों में प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. 16 जून से शुरू इस तीन दिवसीय शिविर में लोगों को सरकारी योजनाओं से संतृप्त करने की मंशा से अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं. शिविर में मुख्य रूप से आयुष्मान भारत,आयुष्मान वय वंदना कार्ड,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण,लखपति दीदी (एसएचजी लिंकेज),पीएम स्वनिधि, वीबी जी राम जी, किसान क्रेडिट कार्ड,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,मुख्यमंत्री कन्या उत्थान/छात्रवृत्ति योजनाएं,मुख्यमंत्री उद्यमी योजना,मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना,दिव्यांग कल्याण योजना,बीओसीडब्ल्यू-निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड एवं मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना आदि को शामिल किया गया है.
साथ ही यहां पहुंचने वाले फरियादियों की सहूलियत में लगाए गए मेडिकल स्टॉल पर प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा दी गई है. मुख्य सचिव ने अपने निर्देशों में कहा है कि अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि मेडिकल स्टॉल आयुष्मान भारत एवं वय वंदना कार्ड नामांकन काउंटर के निकट स्थापित किया जाएगा. साथ ही हेल्प डेस्क पर तैनात प्रशिक्षित स्वयंसेवक और कर्मचारी यहां आने वाले आवेदक, लाभार्थियों को सही काउंटर तक पहुंचाने और फॉर्म भरवाने,दस्तावेजीकरण में सहयोग करेंगे. इस शिविर में मुख्य सचिव के निर्देश पर सभी योजनाओं के अलग-अलग काउंटर भी हैं जहां नोडल पदाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है.





