BIHAR NEWS : पर्यटन सचिव ने श्रावणी मेला को लेकर भागलपुर, मुंगेर व बांका के जिला पदाधिकारियों के साथ की बैठक
पटना : पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को मुख्य सचिवालय स्थित पर्यटन विभाग कार्यालय में 30 जुलाई-28 अगस्त के मध्य आयोजित होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु समीक्षा बैठक की. इस बैठक में विभाग के वरीय पदाधिकारीगण, जीविका के सीईओ तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर, मुंगेर व बांका के जिला पदाधिकारी उपस्थित थे.
पर्यटन सचिव ने सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांवरियों को सभी आवश्यक सुविधाएं देने हेतु अपने सभी कार्य को तय समय सीमा से पूर्व हर हाल में पूर्ण करें. मेला क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सफाई और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें, कांवरियों के लिए सभी महत्वपूर्ण मोबाइल नंबरों वाले साइनेजेज पूरे कांवरिया पथ पर लगाए जाएं और पथ पर समय से बालू बिछाने का कार्य, सुरक्षा हेतु पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें. गंगा घाट के पास कांवरियों की सुरक्षा के लिए विशेष बैरिकेडिंग करने के भी निर्देश दिए गए.
पर्यटन विभाग के द्वारा श्रावणी मेला में कांवरियों के सुविधापूर्ण आवासन हेतु कांवरिया पथ में विभिन्न स्थानों पर टेंट सिटी का निर्माण किया जाना है,जहां स्नानघर,शुद्ध पेयजल,शौचालय,निर्बाध बिजली जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ स्वच्छ और सुरुचिपूर्ण भोजन हेतु जीविका दीदी की रसोई का संचालन किया जाएगा.वहां कांवर स्टैंड,सूचनाएं और मनोरंजन आदि की व्यवस्था की जानी है.सचिव ने बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक को निर्देश दिया कि टेंट सिटी में सफाई सतत और गुणवत्तापूर्ण हो,इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाए.उन्होंने जीविका के सीइओ को निदेशित करते हुए कहा कि दीदी की रसोई के लिए स्थान विभाग द्वारा दिया जाएगा,वहां स्वच्छ और सुरुचिपूर्ण भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करें,भोजन का रेट चार्ट भी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए.सुल्तानगंज में उद्घाटन के दिन बाबा अजगैबीनाथ मंदिर के निकट ड्रोन शो व लेजर शो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का खास केंद्र होगा.श्रावणी मेला के शुभारंभ और समापन के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुति होगी.
पदाधिकारियों ने सचिव को जानकारी देते हुए बताया कि बाबा अजगैबीनाथ मंदिर,सुल्तानगंज से बिहार सीमा दुम्मा तक मेला पथ में जगह-जगह भव्य गेट,विशेष लाइटिंग,साज-सज्जा और शिवमंत्रों के जाप की ध्वनि की अनुगूंज हो,इसे ध्यान में रखते हुए अजगैबीनाथ,सुल्तानगंज सहित सभी टेंट सिटी में व्यवस्थाएं की जा रही है.बैठक में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर,पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव उदयन मिश्रा,जीविका के सीइओ हिमांशु शर्मा,संयुक्त सचिव प्रदीप सिंह,बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के महाप्रबंधक चंदन चौहान सहित सभी संबंधित पदाधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-





