Hindi News / पत्रकारों पर हमले के विरोध में बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का प्रदर्शन, दोषियों...

BIHAR NEWS : पत्रकारों पर हमले के विरोध में बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का प्रदर्शन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : राजधानी पटना में 22 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारों और कैमरापर्सनों के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार को बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने डाकबंगला चौराहा पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया. यूनियन ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की.

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए और एक स्वर में कहा कि समाचार संकलन के दौरान मीडिया कर्मियों पर किसी भी प्रकार का हमला अस्वीकार्य है. उन्होंने मांग की है कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

यूनियन के सचिव मुकुंद कुमार सिंह ने कहा कि हाल के दिनों में मीडिया कर्मियों पर हमले की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय है. उनके अनुसार राजनीतिक विमर्श में बढ़ती असंवेदनशीलता और अमर्यादित भाषा इसके प्रमुख कारणों में शामिल है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और नेताओं द्वारा मीडिया के प्रति इस्तेमाल किए जाने वाले आपत्तिजनक शब्द समाज में पत्रकारों के प्रति अविश्वास का माहौल बनाते हैं,जिसका सबसे अधिक असर जमीनी स्तर पर काम करने वाले रिपोर्टरों और कैमरापर्सनों पर पड़ता है.

उन्होंने कहा कि पत्रकार दिन-रात कठिन परिस्थितियों में सभी राजनीतिक दलों,संगठनों और जन आंदोलनों की खबरें निष्पक्ष रूप से जनता तक पहुंचाने का दायित्व निभाते हैं. ऐसे में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को अपमानित करना या भीड़ का निशाना बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता की रक्षा करना सभी राजनीतिक दलों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.

बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने राज्य के सभी राजनीतिक दलों और उनके नेताओं से अपील की कि वे सार्वजनिक रूप से अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मीडिया कर्मियों का सम्मान करने तथा समाचार संकलन के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार से निशाना नहीं बनाने का स्पष्ट संदेश दें. यूनियन ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र,सुरक्षित और निर्भीक पत्रकारिता अनिवार्य है तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार,प्रशासन,राजनीतिक दलों और समाज सभी की साझा जिम्मेदारी है.

प्रदर्शन में शामिल प्रमुख पत्रकार:

मुकुंद कुमार सिंह, अनूप नारायण, आकाश कुमार, परमानन्द कुमार, कुंदन कुमार, पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, नीरज उपाध्याय, दीपक कुमार, चन्द्रमोहन पांडे, सुरजीत कुमार, सच्चिदानंद, राकेश दुबे, प्रत्युष राय, सचिन तिवारी, कृष्ण नंदन, रितेश कुमार, कृपाशंकर, रजनीश कुमार, ब्रजेन्द्र मिश्रा, कुमुद रंजन, धर्मेंद्र सिन्हा, अक्षय किशोर, गोलू कुमार, शिव कुमार, कुंदन पांडेय, राजीव रंजन पाठक, सुधेंदु रमन, सुजीत श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे.