BIHAR NEWS : केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बोले-अब बिहार की हर पंचायत में 'ओपन जिम' का कराया जाएगा निर्माण

Edited By:  |
bihar news bihar news

बाढ़ : केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बाढ़ के अथवानपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं की है. उन्होंने कहा है कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अब बिहार की हर पंचायत में 'ओपन जिम' का निर्माण कराया जाएगा. मंत्री ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने पिछले दो वर्षों का अपना 'सांसद फंड' युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए ही सुरक्षित रखा था.

अपने संबोधन में ललन सिंह ने कहा कि आज के दौर में युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना बेहद आवश्यक है. उन्होंने बताया कि यदि युवाओं का बेहतर विकास होगा, तो उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे देश की किसी भी बड़ी प्रतियोगिता या सरकारी नौकरी की परीक्षा में सफलता हासिल कर सकेंगे. मंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही साधन उपलब्ध कराने की जरूरत है. मंत्री ने केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि बौद्धिक विकास के लिए भी योजनाएं साझा की. उन्होंने घोषणा की कि जहाँ भी युवाओं की मांग होगी, वहां पुस्तकालय बनाए जाएंगे. इन पुस्तकालयों में आधुनिक कंप्यूटर की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि युवा तकनीक के माध्यम से उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकें और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें. ग्रामीण स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ललन सिंह ने एक विस्तृत कार्ययोजना पेश की. उन्होंने कहा कि हर पंचायत में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.

पंचायत स्तर के विजेताओं के बीच जिला स्तर पर मुकाबला होगा. ललन सिंह ने वादा किया कि वे स्वयं खिलाड़ियों को मेडल प्रदान करेंगे और सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट व जिम के लिए ट्रैक सूट भी विभाग की ओर से दिया जाएगा.

कमाल उद्दीन की रिपोर्ट--