गृहमंत्री के दौरे के बाद संजय सरावगी का बड़ा बयान : बोले - जब-जब गृह मंत्री आए बिहार, तब-तब हुआ कोई बड़ा निर्णय
दरभंगा: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है. गृहमंत्री का दौरा समाप्त होने के बाद बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जब-जब गृह मंत्री बिहार आए हैं,तब-तब कोई बड़ा निर्णय हुआ है. इस बार भी कुछ बड़ा होने वाला है.
संजय सरावगी ने कहा कि गृह मंत्री के दौरे के दौरान कई अहम निर्देश दिए गए हैं और आगे भी ठोस कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने सीमांचल क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठ और अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सीमांचल में करीब दस किलोमीटर अंदर तक हुए अवैध अतिक्रमण को खाली कराने का आदेश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करना तथा देश के भीतर मौजूद घुसपैठियों को बाहर करना केंद्र सरकार का मुख्य उद्देश्य है. देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में कड़े कदम उठाए जा रहे हैं.
सीमांचल को अलग राज्य बनाने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए सरावगी ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी भी योजना की जानकारी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अलग राज्य बनाने की बात केवल राजनीतिक बयानबाजी है.
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अन्य दलों के नेता चुनाव के समय बिहार आते हैं,लंबी-लंबी बातें करते हैं और फिर लौट जाते हैं,जबकि भाजपा विकास और सुरक्षा के मुद्दों पर ठोस काम कर रही है.





