बिहार में 183 करदाताओं को भामाशाह सम्मान : उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा- करदाताओं की भूमिका विकास में अहम
Patna : पटना में वाणिज्य-कर विभाग,बिहार सरकार की ओर से भामाशाह सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया. कर अनुपालन,राजस्व में योगदान और जिम्मेदार व्यावसायिक आचरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने चयनित करदाताओं को सम्मानित किया.

मुख्य समारोह में पटना जिले के विभिन्न वाणिज्य-कर अंचलों से चयनित 45 नॉन-कॉरपोरेट तथा राज्यस्तरीय कॉरपोरेट श्रेणी के छह करदाताओं समेत कुल 51 करदाताओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सम्मान दिया गया. कॉरपोरेट श्रेणी में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन,भारत पेट्रोलियम,हिंदुस्तान पेट्रोलियम,एनटीपीसी,भारती एयरटेल और सीमेंट शामिल रहे.
विभाग के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में चयनित 132 करदाताओं को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संबंधित जिलों के मुख्य झंडोत्तोलन मंच से सम्मानित किया गया. इस तरह पूरे बिहार में कुल 183 करदाताओं को भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया.
उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने सम्मानित करदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि राज्य के विकास में सरकार और व्यवसायिक समुदाय की साझेदारी महत्वपूर्ण है. नियमित और समयबद्ध कर भुगतान से राज्य के राजस्व संसाधन मजबूत होते हैं,जिससे विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलती है.
राज्य कर आयुक्त सह सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि भामाशाह के राष्ट्रप्रेम,त्याग और सेवा भावना से आज के कॉरपोरेट जगत को प्रेरणा लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कर भुगतान राज्य के विकास में व्यवसायिक समुदाय की प्रत्यक्ष भागीदारी है.
वाणिज्य-कर विभाग ने कहा कि कर प्रशासन को सरल,पारदर्शी और करदाता-अनुकूल बनाने तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





