SVU ने लघु जल संसाधन विभाग, छपरा के अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र कुमार के खिलाफ 6 ठिकानों पर की छापेमारी
पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई यानी SVU ने बड़ी कार्रवाई की है. लघु जल संसाधन विभाग, छपरा अंचल के अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में केस दर्ज कर छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. SVU के मुताबिक, प्राथमिकी में राजेन्द्र कुमार के पास 3 करोड़ 1 लाख 87 हजार 108 रुपये की अप्रत्यानुपातिक संपत्ति होने का प्रथम दृष्टया खुलासा हुआ है.पटना, छपरा, गोपालगंज और मुंबई में हुई तलाशी के दौरान 3 करोड़ 34 लाख 57 हजार रुपये की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. इनमें जमीन, फ्लैट और मकान शामिल हैं. मुंबई के पनवेल में 1 करोड़ 61 लाख रुपये की जमीन का दस्तावेज भी मिला है. वहीं पटना के बेउर में दो मंजिला मकान समेत कई भूखंडों का पता चला है.तलाशी के दौरान 1 लाख 96 हजार रुपये नकद और करीब 76 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं. सोनपुर में 18 लाख के प्लॉट और 39 लाख रुपये के भुगतान की रसीद भी मिली है. SVU के अनुसार, तलाशी में प्राथमिकी में दर्ज संपत्ति से भी अधिक साक्ष्य मिलने की संभावना है. जांच जारी है.पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
