भागलपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ की आस्था और भागलपुर की पारंपरिक मंजूषा कला का अनूठा संगम अब सात समंदर पार अमेरिका में देखने को मिलेगा. भागलपुर की मंजूषा पेंटिंग से सजे सूप की मांग अब विदेशों तक पहुंच गई है. इस बार अमेरिका से छठ पूजा के लिए मंजूषा कला से सजे सूप का ऑर्डर मिला है. इस खास सूप को तैयार करने में मंजूषा गुरु मनोज पंडित और उनकी टीम दिन-रात मेहनत कर रही है.
छठ महापर्व में सूप का विशेष धार्मिक महत्व है. श्रद्धालु इसी सूप में पूजा की सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. ऐसे में जब पारंपरिक सूप पर भागलपुर की प्रसिद्ध मंजूषा पेंटिंग की खूबसूरत कलाकृतियां उकेरी जाएंगी तो यह आस्था के साथ-साथ अंग क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति की भी झलक पेश करेगी. मंजूषा गुरु मनोज पंडित और उनकी टीम सूप को आकर्षक रूप देने में जुटी है. कलाकारों की कोशिश है कि छठ की परंपरा के साथ भागलपुर की लोक कला की खूबसूरती भी अमेरिका तक पहुंचे.
गौरतलब है कि इससे पहले मंजूषा पेंटिंग से सजे सूप भारत के कई राज्यों में भेजे जाते रहे हैं. लेकिन अमेरिका से ऑर्डर मिलना इस लोक कला के बढ़ते दायरे को दर्शाता है. अब भागलपुर के कलाकारों की मेहनत और उनकी कला विदेशों में भी अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है. छठ महापर्व के मौके पर मंजूषा कला से सजा यह सूप अमेरिका में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनने वाला है. यह सिर्फ पूजा की सामग्री नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत और भागलपुर की लोक कला को दुनिया तक पहुंचाने की एक खूबसूरत पहल भी है.
भागलपुर सेडबलू कुमार की रिपोर्ट
